Karauli Baba : मुश्किलें बढ़ती देख बाबा ने खड़ी की वकीलों की फौज, आश्रम में पहुंचे थे शहर के नामी अधिवक्ता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Karauli Baba कानपुर में करौली बाबा की मुश्किलें बढ़ती जा रही।

Karauli Baba कानपुर में करौली बाबा ने मुश्किलें बढ़ती देख वकीलों की फौज खड़ी की। शुक्रवार देर रात मामले की जानकारी के लिए आश्रम में शहर के नामी वकील पहुंचे। बाबा पर पुलिस जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप है।

कानपुर, अमृत विचार। Karauli Baba करौली बाबा सरकार की आने वाले दिनों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं। नोएडा के डॉक्टर सिद्धार्थ चौधरी ने बाबा और उनके गुर्गों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर से मारपीट की शिकायत की थी। मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस कमिश्नर के आदेश पर बिधून थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के दो दिन बाद पुलिस आश्रम में जांच करने गई थी। जांच में पुलिस के खाली हाथ लौटने पर पुलिस अधिकारियों ने विवेचक को कड़ी फटकार लगाई थी। 

बिधनू थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद करौली बाबा के खिलाफ तमाम पीड़ितों ने बाबा व उसके गुर्गों के आतंक के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र सौंपे। तमाम शिकायतों के आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने बाबा पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। डॉक्टर के साथ मारपीट के दर्ज मुकदमें में विवेचक ने आश्रम में घटना के दिन मौजूद सेवादरों समेत कई लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं। वहीं करौली सरकार पर पुलिस की जांच में सहयोग नहीं करने का भी आरोप हैं।

मामले में जांच के दौरान आश्रम में लगे सीसीटीवी फुटेज की मांग करने पर पुलिस 14 दिन में डाटा डिलीट होने की बात कह कर टरका दिया गया। विवेचक द्वारा मामले में बयान दर्ज कराने की बात पर बाबा ने स्पष्ट कह दिया था कि मैं नहीं न्यायालय में मेरा वकील जवाब देगा, इसके बाद से पुलिस आश्रम में नहीं गई है। इसी क्रम में करौली बाबा उर्फ संतोष सिंह भदौरिया ने शहर के जाने-माने अधिवक्ताओं की फौज खड़ी कर दी है।

डॉक्टर सिद्धार्थ चौधरी का आरोप है, कि बाबा के कहने पर उनके गुर्गों ने मारपीट की थी। जिसमें डॉक्टर के नाक की हड्डी और सिर फूट गया था। इस मामले को लेकर शुक्रवार की रात को बाबा ने अधिवक्ताओं के साथ बैठकर कई घंटे तक चर्चा की। बाबा ने अधिवक्ताओं से पूरे मामले को समझा कि आगे इस पर क्या कार्रवाई हो सकती है, जबकि डॉक्टर के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

नामीगिरामी अधिवक्ताओं ने की मामले की मंत्रणा

करौली बाबा के साथ शहर के चार नामीगिरामी अधिवक्ताओं के साथ पूरे मामले की मंत्रणा की है। जिसमें एक अधिवक्ता बिकरू कांड का केस लड़ रहे हैं। इसके साथ ही तीन अधिवक्ता बार एसोसिएशन के पूर्व पदाधिकारियों हैं। उन्होने पूरे प्रकरण को बारीकी से समझा है। वहीं पुलिस डॉक्टर सिद्धार्थ चौधरी को कानपुर बुलाने की तैयारी कर रही है। डॉक्टर के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके साथ ही डॉक्टर की मेडिकल रिपोर्ट भी पुलिस कोर्ट में पेश करेगी।

क्या था मामला

बिधनू थाना क्षेत्र स्थित करौली गांव में बाबा का लवकुश आश्रम है। नोएडा के गौतमबुद्ध नगर में रहने वाले डॉ सिद्धार्थ चौधरी पिता वीएस चौधरी, मां रेनू चौधरी और पत्नी प्रियंका चौधरी के साथ बीते 22 फरवरी 2023 को करौली सरकार के दरबार में आर्शीवाद लेने के लिए पहुंचे थे। डॉक्टर ने बाबा को चमत्कार दिखाने के लिए चैलेंज किया था। बाबा के चमत्कार का प्रभाव न होने की बात पर बाबा भड़क गए और बाबा ने अपने सेवादारों से उसकी पिटाई करवा दी थी। मारपीट के दौरान डाक्टर की सिर पर चोट आने के साथ नाक की हड्डी टूट गई थी।

संबंधित समाचार