Chitrakoot News : फराज के पिता की गुहार, राजनीतिक रंजिश के तहत हो रही कार्रवाई
चित्रकूट में आरोपी सपा नेता के घर बुलडोजर की सुगबुगाहट।
चित्रकूट में आरोपी सपा नेता के घर बुलडोजर की सुगबुगाहट। फराज के पिता की गुहार, राजनीतिक रंजिश के तहत कार्रवाई हो रही।
चित्रकूट, अमृत विचार। अब्बास-निखत के जेल में अवैध रूप से मुलाकात मामले में पुलिस और प्रशासन का एक्शन जारी है। सूत्र बताते हैं कि अब सपा नेता फराज खान के घर भी बुलडोजर चलने वाला है।
गौरतलब है कि जिला जेल में दंपति की अवैधानिक रूप से मुलाकात में सपा जिला महासचिव फराज खान भी आरोपी बनाया गया है। उस पर निखत बानो को शहर में किराये का मकान दिलाने और मुलाकात कराने में मदद करने का आरोप है। फराज फिलहाल जेल में है। अब उसके घर पर बुलडोजर भी चल सकता है। फराज के पिता मुन्ने खां को विकास प्राधिकरण ने नोटिस दी है। इसमें उसके मकान को अवैध रूप से निर्मित बताया गया है और 24 घंटे की नोटिस दी गई है।
आरोप है कि घर को चार फीट सड़क पर कब्जा करके बनाया गया है। घर में फराज की पत्नी, उसके पिता और अन्य सदस्य रहते हैं। नोटिस पाकर सभी बदहवास हैं। मुन्ने खां ने दावा किया कि उनके बेटे ने सिर्फ निखत बानो को रहने के लिए किराये का मकान दिलाया था। वह सपा का प्रमुख नेता है और इसलिए उसको फंसाया जा रहा है। उनका यह भी कहना था कि घर फराज के नाम नहीं है और उन्होंने नक्शा पास करके मकान बनवाया है। उन्होंने इस संबंध में सीएम योगी से भी गुहार की है।
गौरतलब है कि फराज को सपा मुखिया अखिलेश यादव का कृपापात्र माना जाता है। कम उम्र में उसको जिला महासचिव पद की जिम्मेदारी भी अखिलेश ने ही दी थी। सपा मुखिया के साथ फराज की कई फोटो हैं, जिनको वह समय समय पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर भी करता रहा है।
