प्रयागराज: न्यायमूर्ति प्रीतिंकर दिवाकर ने ली इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में वरिष्ठ न्यायमूर्ति प्रीतिंकर दिवाकर को  उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने रविवार को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह चीफ जस्टिस की कोर्ट में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की तरफ से मंत्री सुरेश खन्ना, चीफ सेक्रेटरी उत्तर प्रदेश, महाधिवक्ता अजय मिश्रा, अपर महाधिवक्ता एमसी चतुर्वेदी, नीरज त्रिपाठी, मनीष गोयल तथा न्यायिक अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में वरिष्ठ व जूनियर अधिवक्ता उपस्थित थे। 

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह 11 बजे चीफ जस्टिस की कोर्ट में संपन्न हुआ। शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्यपाल ने सारे जजों से मुलाकात की। राज्यपाल के साथ फोटो सेशन का भी कार्यक्रम संपन्न हुआ। शपथ ग्रहण समारोह में इलाहाबाद और लखनऊ बेंच के न्यायमूर्तिगण उपस्थित रहे। मुख्य न्यायाधीश के परिवारीजन तथा रिश्तेदार एवं मध्य प्रदेश में कार्यरत जज भी इस समारोह में शामिल हुए। न्यायमूर्ति प्रीतिंकर दिवाकर ने दुर्गापुर विश्वविद्यालय, जबलपुर से विधि की पढ़ाई करने के बाद वर्ष 1984 में उन्होंने अधिवक्ता के तौर पर अपना नामांकन कराकर संवैधानिक, दीवानी और आपराधिक मामलों में वकालत शुरू की । वर्ष 2005 में वह बतौर वरिष्ठ अधिवक्ता नामित हुए थे। इसके बाद 2009 में वह छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जज बने। 2018 में उनका स्थानांतरण इलाहाबाद हाईकोर्ट कर दिया गया। 

इलाहाबाद हाईकोर्ट में मुख्य न्यायमूर्ति रहे राजेश बिंदल को सुप्रीम कोर्ट का जज बनाए जाने के बाद वह 13 फरवरी 2023 को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त हुए। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की संस्तुति के बाद 24 मार्च 2023 को राष्ट्रपति ने उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त किया।

ये भी पढ़ें - कानपुर: हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर समेत छह पर गैंगस्टर, जल्द इनाम भी होगा घोषित

 

संबंधित समाचार