सुनील छेत्री जैसी गोल करने की भूख कम खिलाड़ियों में ही, किर्गिस्तान गणराज्य के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी भारतीय फुटबॉल टीम  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने कहा, हमारे पास स्टेडियम में समर्थक मौजूद हैं और हमारे पास खुद को साबित करने का मौका है

इम्फाल। अपने कैरियर के आखिरी पड़ाव पर पहुंचने के बावजूद 38 वर्ष के सुनील छेत्री की गोल करने की भूख कम नहीं हुई है और भारतीय फुटबॉल स्टार हर मैच में गोल करना चाहते हैं। सक्रिय फुटबॉल खिलाड़ियों में क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी के बाद सर्वाधिक (132 मैचों में 84 गोल) गोल कर चुके छेत्री ने कहा, मेरा मानना है कि गोल करने की मेरे जैसी भूख बहुत खिलाड़ियों में नहीं होती है। 

किर्गीज गणराज्य के खिलाफ त्रिकोणीय अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में भारत के मैच से पहले उन्होंने कहा, गोल करने की मेरी भूख हमेशा से ऐसी ही थी और आगे भी ऐसी ही रहेगी। पहले मैच में म्यामां को 1 . 0 से हरा चुकी भारतीय टीम को बस एक ड्रॉ की जरूरत है। छेत्री ने कहा कि इंडियन सुपर लीग फाइनल में उनकी टीम बेंगलुरू एफसी को मिली हार के बाद राष्ट्रीय शिविर से जुड़ना वरदान की तरह था। उन्होंने कहा, राष्ट्रीय शिविर से हमारा मनोबल बढता है। अगर शिविर नहीं होता तो मेरे लिये उस हार को पचाना और मुश्किल होता।

किर्गिस्तान गणराज्य के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी भारतीय फुटबॉल टीम  
इम्फाल। किर्गिस्तान गणराज्य के खिलाफ ड्रा से भी भारतीय टीम मंगलवार को तीन देशों के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट जीत लेगी लेकिन मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने कहा कि मेजबान टीम जीत के इरादे से मैदान पर उतरेगी। भारतीय टीम ने पिछले बुधवार को म्यांमा पर 1-0 की जीत हासिल की। उन्हें टूर्नामेंट जीतने के लिये महज एक ड्रा की जरूरत है क्योंकि किर्गिस्तान गणराज्य ने शनिवार को टूर्नामेंट के दूसरे मैच में म्यांमा के खिलाफ 1-1 से ड्रा खेला। वहीं किर्गिस्तान गणराज्य को अगर टूर्नामेंट की ट्राफी हासिल करनी है तो उसे भारत के खिलाफ जीत की दरकार होगी। 

'यह पहले मैच की तुलना में ज्यादा मजबूत टीम होगी'
भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने मैच पूर्व आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा, हम जीत के इरादे से मैदान में उतरेंगे। हमारे पास स्टेडियम में समर्थक मौजूद हैं और हमारे पास खुद को साबित करने का मौका है। यह पहले मैच की तुलना में ज्यादा मजबूत टीम होगी।  उन्होंने कहा, मैं सही था जब मैंने कहा था कि म्यामां ऐसी टीम है जो आपको नुकसान पहुंचा सकती है। हमने किर्गिस्तान गणराज्य के खिलाफ यह देखा भी। किर्गिस्तान की टीम के खिलाफ यह एक अलग चुनौती होगी क्योंकि उनके पास जीत के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। 


'मैं ट्रेनिंग में कड़ी मेहनत करता हूं'
गोलकीपर अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, मुझे जब भी मौका मिलता है, मैं अपना सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश करता हूं। कोचों ने मुझे पिच के अंदर और बाहर काफी आत्मविश्वास बढ़ाया है। मैं ट्रेनिंग में कड़ी मेहनत करता हूं, आराम करता हूं और अच्छा खाता हूं। मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं और मैं इसे जारी रखना चाहता हूं।  किर्गिस्तान गणराज्य की टीम 94वीं रैंकिंग पर काबिज है जबकि भारत की रैंकिंग 106 है। म्यामां के खिलाफ अपनी टीम के शुरूआती मैच में ड्रा नतीजे से किर्गिस्तान गणराज्य के कोच एलेक्जैंडर क्रेस्टिनिन ने कहा, हमने मैच की समीक्षा की। काफी कुछ रणनीति के अनुसार नहीं हुआ। हमने भारत के मैचों का भी आकलन किया था और कल हम अपनी पिछली गलतियों में सुधार करना चाहेंगे। हम टीम में कुछ बदलाव करेंगे। 

ये भी पढ़ें :  WPL 2023: विदेशी स्टार चमकीं, भारतीय क्रिकेट में बदलाव के वादे के साथ ख्त्म हुआ डब्ल्यूपीएल 

संबंधित समाचार