Chitrakoot में बृजेश पाठक ने माफिया अतीक अहमद को लेकर कसा तंज, कहा- अपराधियों को सजा दिलाने में प्रदेश नंबर वन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में बृजेश पाठक ने तंज कसा।

चित्रकूट में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने माफिया अतीक अहमद को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने में प्रदेश नंबर वन पर है।

चित्रकूट, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि अतीक अहमद को गुजरात से उत्तर प्रदेश लाए जाने की कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों को सजा दिलाने में प्रदेश अव्वल स्थान पर है। 
 
सोमवार को जिले के दौरे पर आए डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज है। कानून का राज स्थापित करने के लिए सरकार तत्पर है। गुंडा-माफियाओं का सफाया जारी रहेगा। सरकार की मंशा है कि सभी अपराधियों को कड़ी सजा मिले। उन्होंने कहा कि कानून के तहत अभियोजन पक्ष भी लगातार मजबूती से कार्रवाई कर रहा है। अपराधियों को  सजा दिलाने वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश देश में अव्वल है।
 
उन्होंने अतीक अहमद की बहन के भाई की हत्या कराने की आशंका पर कहा कि सरकार पारदर्शिता और शुचिता के साथ कानून का राज स्थापित करने में लगी है। सरकार उमेश पाल के परिवार के साथ है। किसी भी अपराधी को पनपने नहीं दिया जाएगा।
 

एक सप्ताह में कराएं खोह अस्पताल का लोकार्पण 

उधर, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने 200 शैया एमसीएच विंग खोह अस्पताल का मुआयना किया और अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य से फोन पर बात कर इसका एक सप्ताह के अंदर लोकार्पण किए जाने के निर्देश दिए। पुलिस लाइन में बने आरक्षियों के आवासीय भवनों के निर्माण कार्य को देखा और जिलाधिकारी अभिषेक आनन्द और पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला से कहा कि इसको जल्द से जल्द हस्तांतरित कराएं।
 
डिप्टी सीएम ने ग्राम पंचायत खोह में गोशाला में गायों को गुड़ व चारा खिलाया। ग्राम प्रधान को निर्देश दिए कि गौवंशो की सेवा अच्छी तरह से करें और चरही साफ कर और साफ पानी ही पिलाएं। उन्होंने जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को गौवंशों के भरण पोषण का शेष भुगतान जल्द से जल्द कराने के लिए निर्देशित किया। इस मौके पर सांसद आरके सिंह पटेल,  विधायक मानिकपुर अविनाश चंद्र द्विवेदी,  जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, पूर्व राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, पंकज अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार