बरेली में गलत बूथ कमेटियां बनीं, शिवचरन बोले-हमने पुरानी कमेटी से काम चलाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बैठक में नहीं आए विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष और महासचिव

बरेली, अमृत विचार। सपा कार्यालय में सोमवार को हुई बैठक में बरेली लोकसभा क्षेत्र के नए-नए प्रभारी बने पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव ने यह कहकर सनसनी फैला दी कि बरेली में बूथ कमेटियों का फर्जी गठन किया गया है। इसके बाद बैठक का माहौल गर्म हो गया। बूथ कमेटियां गठित करने के जिम्मेदार पदाधिकारी शुरू से आखिर तक सफाई देते रहे।

वहीं निवर्तमान जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने इसे गलत बताते हुए कहा कि उन्होंने बूथ कमेटियां बनाई नहीं हैं। उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष अगम मौर्य की कमेटी से ही काम लिया था। बताते हैं कि लखनऊ से बूथ कमेटियों के सदस्यों को फोन कर जब जांच की गई तो सदस्यों ने कमेटी में शामिल होने से अनभिज्ञता जताई। फिलहाल, बैठक में बूथ कमेटी में निष्क्रिय सदस्यों को हटाकर नए सदस्यों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक को लेकर पार्टी के विधायक और नेताओं को फोन किए गए, लेकिन बहेड़ी विधायक अताउर रहमान और भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम, सुल्तान बेग, आरके शर्मा, शुभलेश यादव, प्रमोद बिष्ट शामिल नहीं हुए। अताउर रहमान ने बताया कि रोजे की वजह से और सुल्तान बेग बीमारी के कारण बैठक में शामिल नहीं हुए।

बैठक में गौरव सक्सेना ने कहा कि उनके वार्ड से उनका बूथ हारने की बात पुराने शहर के नेता करते हैं। वहीं, नेता राजेन्द्र नगर और माडल टाउन के बूथ जितवाकर दिखाएं तो जानें। पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने कहा कि संगठन की हालत अच्छी नहीं है। इसमें सक्रियता लानी होगी। निवर्तमान जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने कहा कि चुनाव से 18 दिन पूर्व वह अध्यक्ष बने। निवर्तमान होते हुए सदस्यता का काम प्रदेश में पहले नंबर पर किया।

निवर्तमान महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने पूर्व सांसद पर कटाक्ष किया। कहा कि बूथ कमेटी के सदस्यों के फोन बदल जाते हैं, इसलिए भी लोग फोन नहीं उठाते हैं। महानगर में सदस्यता अच्छी रही है और बूथ कमेटी अच्छी बनी हैं। आंवला प्रभारी अगम मौर्य और बरेली-पीलीभीत लोकसभा प्रभारी पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। अगम मौर्य ने बताया कि 5 जून तक बूथ कमेटियां गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं इससे पहले कमेटियां गठित कर लखनऊ भेज दूंगा।

पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन, राजेश अग्रवाल, कदीर अहमद जफर बेग, प्रमोद यादव, भारती चौहान, मलखान सिंह यादव,अशोक यादव, हैदर अली,योगेश यादव, कंबर एजाज, रविन्द्र यादव, विशाल, संतोष आदि प्रमुख थे।

ये भी पढ़ें- बरेली: 29 मार्च से भरे जाएंगे मुख्य परीक्षा के वार्षिक परीक्षा फॉर्म

संबंधित समाचार