बरेली: रमजान में फालूदा और फ्रूट चाट का जायका लेना हुआ महंगा
फल मंडियों में आसमान छू रहे हैं फलों के दाम, नवरात्र के बाद कम हो सकते हैं दाम
बरेली,अमृत विचार। नवरात्र के साथ-साथ रमजान भी चल रहे हैं। व्रत और रोजे दोनों में फलों की सबसे ज्यादा जरूरत पड़ती है। लेकिन फलों की दाम इन दिनों बाजार में आसमान छू रहे हैं। आलम यह है कि आम रोजेदारों के लिए फ्रूट चार और फालूदा का जायका लेना भी मुश्किल हो गया है। संतरा, सेब, केला, तरबूज, खरबूजा, पपीता, अंगूर आदि के दाम आम दिनों के मुकाबले तीस से पचास फीसदी तक अधिक हैं।
रमजान में सबसे अधिक केले का इस्तेमाल किया जाता है। फिर चाहे फ्रूट चाट बनाना हो या फिर केले का शेक। आम दिनों में 40 से 50 रुपये दर्जन तक बिकने वाला केला इस वक्त 80 रुपये दर्जन तक बाजार में बिक रहा है। गर्मी के मौसम में रमजान आने पर केले बाद सबसे ज्यादा तरबूज का सेवन रोजेदार करते हैं। लेकिन आम दिनों में 20 रुपये किलो बिकने वाला तरबूज इस वक्त बाजार में 30 रुपये किलो तक बिक रहा है। लगभग सभी फलों का यही हाल है। अंगूर 80 रुपये, संतरा 70 रुपये प्रतिकिलो, सेब 160 रुपये प्रति किलो, अनार 160 रुपये प्रति किलो, खरबूजा 80 रुपये प्रतिकिलो, पपीता 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है।
फल विक्रेता अकरम ने बताया कि थोक फल मंडियों से ही फल महंगा आ रहा है। ऐसे में मजबूरी में उनको भी फल महंगा बेचना पड़ रहा है। बहरहाल नवरात्र में अभी दो दिन बचे हैं तो वहीं रोजे सिर्फ पांच ही हुए हैं और पूरा महीना बाकी है, ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि आने वाले दिनों में शायद फलों की आसमान छू रही कीमतें कम हो जाएंगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: अन्य मर्द से फोन पर करती थी बात...मना करने पर बहू ने सास-ननद को पिटवाया, जानिए पूरा मामला
