भगोड़े अमृतपाल सिंह का वीडियो आया सामने, पुलिस को खुला चैलेंज, बोला- कोई बाल बांका नहीं कर सकता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चंडीगढ़। भगोड़े कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आया जिसमें उसने पंजाब पुलिस की उसके खिलाफ कार्रवाई के दौरान सिख युवकों को गिरफ्तार करने की आलोचना की। काली पगड़ी और शॉल पहने, खालिस्तान समर्थक ने वीडियो में कहा कि अगर राज्य सरकार की उसे गिरफ्तार करने की मंशा थी, तो पुलिस उसके घर आ सकती थी। 

उसने आगे कहा, "भगवान ने हमें गिरफ्तार करने के लिए भेजे गए 'लाखों पुलिस' वालों से बचा लिया।" वीडियो इन खबरों के बीच आया कि अमृतपाल आत्मसमर्पण कर सकता है। पुलिस ने अमृतपाल सिंह और उसके संगठन 'वारिस पंजाब दे' के सदस्यों के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया है। हाल ही में जालंधर जिले में अपने काफिले को रोके जाने पर अमृतपाल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। 

आत्मसमर्पण की खबरों के बीच ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह ने बुधवार को एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि वह पूरी तरह से ठीक है और ‘चढ़दी कलां’ में है। वीडियो संदेश में अमृतपाल ने निर्दोष नौजवानों को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब सरकार पर बरसते हुए अकाल तख्त के जत्थेदार से आग्रह किया कि वह सरकार की कठोर कार्रवाई के खिलाफ आंदोलन छेड़ें। 

उन्होंने कहा कि उन्हें किसी पुलिस कार्रवाई की गिरफ्तारी का डर नहीं है लेकिन अब सरकार द्वारा निर्दोष सिखों पर क्रूरता का सवाल है और सिखों को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सरकार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए सिख संगतों से वैशाखी पर एकत्र होने का भी आग्रह किया। अमृतपाल ने वीडियो में कहा कि प्रधानमंत्री बाजेके और अन्य साथियों को एनएसए लगाकर इसलिए असम भेजा गया है कि अगर गिरफ्तार किए गए साथियों को छुड़वाना है तो देश-विदेश में बैठी सिख संगत वैशाखी के अवसर पर सरवत खालसा में एकत्र हों ताकि वहां सिख कौम के मसलों पर विचार किया जा सके। 

ये भी पढ़ें- VIDEO: वाराणसी में देश के पहले अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे प्रोजेक्ट की झलक, आपने देखी ? 

संबंधित समाचार