बरेली में कोरोना ने फिर दी दस्तक, मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में मची खलबली
बरेली, अमृत विचार। देश भर में एक बार फिर से कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है। इस बीच बरेली में कोरोना ने लंबे समय बाद जोरदार दस्तक दी है। मंगलवार को शहर में एक साथ तीन लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। कोरोना संक्रमितों में कैंट थाना क्षेत्र के एक दंपती के साथ किला इलाके की एक महिला शामिल है। वहीं तीन केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आईडीएसपी यानी इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम की टीम को सक्रिय कर दिया है। इसके साथ ही लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
सर्विलांस सेल के अनुसार कैंट में रहने वाले 57 वर्षीय रिटायर्ड सैनिक और उनकी 55 वर्षीय पत्नी ने तबीयत बिगड़ने के बाद सैनिक अस्पताल में ट्रूनेट जांच कराई थी। जिसकी सोमवार देर रात आई रिपोर्ट में दोनों पति-पत्नी को कोरोना पॉजिटिव बताया गया है। वहीं किला क्षेत्र में रहने वाली 31 वर्षीय महिला भी कोरोना ग्रस्त पाई गई है।
सर्विलांस सेल के अनुसार कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोग कई महीनों से किसी दूसरे राज्य या जिले में नहीं गए हैं। जिनकी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए स्थानीय बाजारों में ही आवाजाही रही थी। ऐसे में उन्हें आशंका है, कि शहर में कोरोना संक्रमितों की बड़ी संख्या हो सकती है। जिसको गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घर से बाहर निकलने पर कोविड गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की है।
वहीं आपको बता दें कि दूसरे राज्यों में कोरोना वायरस के नए केसेस में ज्यादातर नए वेरिएंट एक्सबीबी का संक्रमण पाया गया है। बरेली में मिले तीनों संक्रमितों में किस वेरिएंट का वायरस है, इसका पता लगाने के लिए उनकी जीनोम सीक्वेसिंग कराया जाना जरूरी है। लेकिन इसको लेकर विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शासन की गाइडलाइंस आने के बाद ही जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए सैंपल भेजे जाएंगे। जिससे पता चल सकेगा कि बरेली में संक्रमित हुए पाए गए लोग मरीज किस वैरिएंट की चपेट में आए हैं।
वहीं वैक्सीन विशेषज्ञ व वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल अग्रवाल के मुताबिक कोरोना के दूसरे वैरिएंट की अपेक्षा एक्सबीबी वेरिएंट ज्यादा घातक नहीं है। इसमें मृत्यु दर काफी कम है। हालांकि दूसरों की तुलना में ज्यादा प्रभावी जरूर है। वैक्सीन विशेषज्ञ ने बताया कि एक वायरस से दूसरे वायरस का स्वरूप लेना ही एंटी जेनिक शिफ्ट कहलाता है। एक्स-बीबी वेरिएंट भी ऐसा ही स्वरूप है। इसलिए लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- बरेली : दो दिन से लापता ग्रामीण का मिला शव, परिजनों ने लगाया ये आरोप
