हल्द्वानीः G20 सम्मेलन के लिए उजाड़े गए लोगों के पुनर्वास की मांग
हल्द्वानी, अमृत विचार। इंकलाबी मजदूर केन्द्र, प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र, परिवर्तनकामी छात्र संगठन व क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन ने बुधवार को बुद्धपार्क में जन सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं ने जी-20 की बैठक के लिए उजाड़े गये लोगों के नुकसान की भरपाई और पुनर्वास की मांग की।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि जी-20 की बैठक के लिए पंतनगर से रुद्रपुर और रामनगर तक सड़क किनारे ठेला, फड़-खोखा लगाकर गुजर-बसर करने वाले सैकड़ों लोगों को प्रशासन ने उजाड़ दिया है। ताकि विदेशियों को देश की असलियत न मालूम पड़े। जबकि दूसरी तरफ बैठक को आयोजित करने में सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है।
उन्होंने कहा कि बैठक में आर्थिक संकट, पर्यावरण संकट, महिला सशक्तिकरण आदि पर चर्चा की जाएगी। जबकि खुद साम्राज्यवादी देशों की अगुवाई में जी-20 के सभी देशों की सरकारें इन संकटों को बढ़ाने वाली वैश्वीकरण, उदारीकरण व निजीकरण की नीतियों को बढ़-चढ़ कर लागू कर रही हैं।
वक्ताओं ने कहा कि सभी जगह मजदूरों व कर्मचारियों के श्रम अधिकार छीने जा रहे हैं। वेतन भत्ते, पेंशन और सुविधाओं में कटौती की जा रही है। महिलाओं, छात्रों, नौजवानों पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने सार्वजनिक उपक्रमों का निजीकरण बंद करने और मजदूर विरोधी चारों लेबर कोड्स रद्द करने की मांग की।
संचालन रोहित, रजनी व महेश ने किया। इस दौरान डीसी मौर्या, विनोद, हिमानी, हेमा, पूनम, देवेंद्र प्रसाद सिंह, महेश, रीना, विमला, उमेश, अनुराग, शाहजेब अवधेश, मोहन, भूपाल, रमेश, दिनेश, कैलाश, सुरेंद्र, तुलसी सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।
