हमीरपुर: वादा निभाने के लिए उपमुख्यमंत्री ने तोड़ा प्रोटोकाल, नन्हें ब्रजेश से मिलने पहुंचे घर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर, अमृत विचार। जिले में दौरे पर आए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक अपना एक पुराना वादा निभाने के लिए बुधवार को प्रोटोकॉल तोड़ 'नन्हें ब्रजेश' के घर मिलने पहुंच गए। दरअसल डिप्टी सीएम के दखल के बाद जिला महिला अस्पताल में भर्ती हुई गर्भवती महिला ने ऑपरेशन से बच्चे को जन्म दिया था। जिसके बाद डिप्टी सीएम को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए माता-पिता ने बच्चे का नाम ब्रजेश रखा था। तभी उपमुख्यमंत्री ने टि्वटर के माध्यम से हमीरपुर आने पर 'ब्रजेश' से मिलने का वादा किया था। डिप्टी सीएम ने पिता द्वारा रोजगार व आवास मांगने पर आश्वासन देते हुए जिलाधिकारी को हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए।

19 मई 2022 को मुख्यालय के आदर्श नगर मोहल्ला निवासी अखिलेश कुमार प्रजापति की पत्नी सपना को गर्भवती हालत में जिला अस्पताल में भर्ती नहीं किया जा रहा था। उसे खून की कमी बताने के बाद चिकित्सक ने कानपुर ले लिए रेफर कर दिया। वहीं इंटरनेट मीडिया में खबर प्रसारित होने के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस मामले को संज्ञान में लिया और उनके दखल देने पर महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कर आपरेशन किया गया। जिसके बाद महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। जिसका नाम ब्रजेश रखा। इसकी जानकारी होने पर उपमुख्यमंत्री काफी खुश हुए थे और उन्होंने ट्वीट में लिखा था कि जब भी वह हमीरपुर आएंगे तो नन्हें ब्रजेश से जरूर मिलेंगे। 

उन्होंने अपना यह वादा पूरा किया और प्रोटोकाल तोड़ते हुए नन्हे ब्रजेश से मिलने उसके घर पहुंच गए। घर पहुंचे उपमुख्यमंत्री का पिता ने तिलक व माला पहनाकर स्वागत किया और उनका मुंह मीठा कराया। इस दौरान उन्होंने नन्हे ब्रजेश को गोद में लेकर करीब पांच मिनट तक दुलराया और फिर ब्रजेश के पिता के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। जिस पर पिता ने रोजगार व आवास दिलाने की मांग की। जिसे पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान मोहल्ले के लोग भी उपमुख्यमंत्री को देखने के लिए अपने अपने घरों के बाहर खड़े नजर आए।


ये भी पढ़ें - मेरे कार्यकाल में BJP का हर कार्यकर्ता अपने को क्षेत्रीय अध्यक्ष समझे :कमलेश मिश्रा

संबंधित समाचार