अयोध्या: सर्वेक्षण प्रपत्र में खेल, तत्कालीन सर्वे लेखपाल के खिलाफ कूटरचना की रिपोर्ट 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

अमृत विचार, अयोध्या। जिले के मांझा जमथरा के सर्वेक्षण प्रपत्र में खेल किये जाने का मामला सामने आया है। शिकायत पर विभाग ने पूरे मामले की जाँच कराई तो मामला पकड़ में आया। इसके बाद सर्वे कानूनगो ने कैंट थाने में तत्कालीन सर्वे लेखपाल के खिलाफ हेरा-फेरी व कूटरचना की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
 
बताया गया कि सरयू विकास समिति के अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने गत वर्ष 8 जुलाई 2022 को लिखित शिकायत की थी कि मांझा जमथरा के जमीनों के कागजात में खेल किया गया है। विभाग ने मामले की जाँच शुरू कराई। विभाग में सुरक्षित सर्वेक्षण प्रपत्र-6 का अवलोकन किया तो पता चला कि 251 और 252 के बीच एक प्रपत्र-6 की अंकित प्रविष्टि मिली, लेकिन इसपर कोई क्रमांक दर्ज नहीं था। तत्कालीन सहायक अभिलेख अधिकारी के हस्ताक्षर से मिलान कराया गया तो हस्ताक्षर भी मेल नहीं खाया। पुलिस को दी गई शिकायत में सर्वे कानूनगो भारत प्रसाद निवासी फकीरपुर मोतीपुर सुजौली जिला बहराइच का कहना है कि तत्कालीन सहायक अभिलेख अधिकारी के हस्ताक्षर फर्जी हैं लेकिन प्रविष्टि पर सर्वे लेखपाल जमथरा परमानन्द पांडेय का हस्ताक्षर है। ऐसे में सर्वेक्षण प्रपत्र-6 में हुई हेरा-फेरी और कूटरचना के लिए सर्वे लेखपाल जिम्मेदार और दोषी है।  जिसके चलते रिपोर्ट दर्ज कर करवाई कराई जाय।  

सीओ सिटी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि कैंट पुलिस ने सर्वे कानूनगो की शिकायत पर तत्कालीन सर्वे लेखपाल के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना की धारा में नामजद केस दर्ज किया है। मामले की विवेचना कराई जा रही है।

ये भी पढ़ें - अयोध्या: रामनवमी को दिन भर लेखा कार्यालय की दौड़ लगाते रहे शिक्षक

संबंधित समाचार