अयोध्या: आपाधापी के बीच परिषदीय विद्यालयों में हुआ रिजल्ट वितरण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अधिकतर स्कूलों में बच्चों को नहीं मिला रिपोर्ट कार्ड, सुनाया गया मौखिक, परिषदीय विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत आज से

अयोध्या,अमृत विचार। शुक्रवार को जिले के परिषदीय विद्यालयों में आपाधापी के बीच परीक्षा फल घोषित किए गए। कहीं बच्चों को रिपोर्ट कार्ड मिला तो कहीं बच्चे वंचित रहे। वहीं परीक्षाफल पाकर और नए कक्षा में पहुंचने पर छात्रों के चेहरों पर खुशी अलग ही दिखाई दे रही थी। कई स्कूलों में हलवा पूरी तो कहीं मिष्ठान वितरण भी किया गया। बताया गया कि परीक्षाफल वितरण के दौरान स्कूलों को सजाया भी गया। बीएसए संतोष कुमार राय ने बताया कि सुचारू रूप से परीक्षा परिणाम वितरित किए गए। 

हैदरगंज संवाददाता के अनुसार विकासखंड तारुन अंतर्गत सभी परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के परीक्षा फल का रिपोर्ट कार्ड नहीं बंट सका। नौनिहालों को मायूस होकर घर वापस जाना पड़ा। अध्यापकों ने कहा समस्या उच्च प्राथमिक व कम्पोजिट विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की है।

जाना प्राथमिक विद्यालय, खजुरीपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय व कंपोजिट विद्यालय रखौना के अभिभावकों चुन्नू चौरसिया, रामजनम वर्मा, रुखसाद अली, कल्लू गुप्ता ने कहा सरकार परिषदीय विद्यालयों में पैसा पानी की तरह बहा रही है लेकिन लापरवाही के चलते छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

खंड शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कक्षा 5 और 8 का रिपोर्ट कार्ड बाटा जा रहा है। अन्य कक्षाओं का एक-दो दिन में वितरण हो करा दिया जाएगा। वहीं पूराबाजार संवाददाता के अनुसार परीक्षा फल वितरण में अव्यवस्था रही। कुछ विद्यालयों को छोड़कर बाकी  में एक-दो दिनों में वितरण होगा। 

प्राथमिक विद्यालय शाहनवाजपुर के प्रधानाध्यापक सत्येंद्र गुप्ता ने बताया कक्षा 5 के बच्चों को परीक्षा फल दिया गया है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय समाहाकलां के इंचार्ज प्रधानाचार्य मनोज कुमार यादव ने बताया कि कुछ बच्चों को परीक्षाफल प्रमाण पत्र वितरण किया गया है। शेष तैयार न होने के नाते कल वितरण किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: खब्बू तिवारी ने किया आत्मसमर्पण, अदालत ने अपनी अभिरक्षा में भेजा मंडल कारागार

संबंधित समाचार