Kanpur Dehat Fire : बंद पड़ी वनस्पति फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात के रनियां में वनस्पति फैक्ट्री में आग लग गई।

कानपुर देहात के रनियां क्षेत्र में बंद पड़ी वनस्पति फैक्ट्री में आग लग गई। इस पर दमकल की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

कानपुर देहात, अमृत विचार। औद्योगिक क्षेत्र के खानचंद्रपुर गांव के पास हाइवे किनारे चार सालों से बंद पड़ी वनस्पति फैक्ट्री में शुक्रवार की सुबह संदिग्ध हालात में आग लग गई। जिससे आसपास लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद कई घंटों में आग पर काबू पाया गया। घटना पर डीएम व एसपी ने मौके पर जाकर जायजा लिया।

रनियां क्षेत्र के खानचंद्रपुर गांव के पास कानपुर-इटावा हाइवे किनारे खाद्य तेल बनाने वाली लक्ष्मी वनस्पति फैक्ट्री पिछले करीब चार सालों से बंद पड़ी है। शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे फैक्ट्री में संदिग्ध हालात में आग लग गई। तेज हवाओं के चलने से कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री सुरवाइजर वेद प्रकाश त्रिपाठी ने आग लगने की सूचना रनियां पुलिस को दी। मौके पर पहुंची रनियां पुलिस ने दमकल को बुलाने के साथ ही उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
 
सीओ सदर प्रभात कुमार व मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान डीएम नेहा जैन, एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एडीएम प्रशासन जेपी गुप्ता, एएसपी राजेश पांडेय भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के इंतजाम का जायजा लिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने धकधती आग पर दोपहर बारह बजे काबू पाया।
 
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्लांट के पास कुछ मजदूर खाना बना रहे थे। प्रतीत हो रहा है कि खाना बनाते समय निकली चिंगारी से फैक्ट्री में आग लगी है। फैक्ट्री के एडवाइजर हनीश रामचंदानी ने बताया कि फैक्ट्री वर्ष 2019 से बंद चल रही है। आग से हुए नुकसान का जल्द ही आंकलन किया जाएगा।
 
फैक्ट्री में आग लगने पर गैर जनपदों से भी दमकल को बुलाकर काबू पाया गया है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। किसी तरह का जनहानि नहीं हुई है।- नेहा जैन (जिलाधिकारी)
 
चार सालों से फैक्ट्री बंद थी। आग बुझने के बाद छानबीन की जाएगी कि आग कैसे लगी। जिसके बाद ही आग लगने का कारण स्पष्ट होगा।- बीबीजीटीएस मूर्ति (पुलिस अधीक्षक)

संबंधित समाचार