बरेली: फरीदपुर में पेट्रोल पंप पर बंदूक से चली गोली, सेल्समैन की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फरीदपुर, अमृत विचार। फरीदपुर-बीसलपुर रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर सोमवार देर रात गोली लगने से सेल्समैन की मौत हो गई। बंदूक गार्ड की बताई जा रही है, जो दूसरे सेल्समैन के हाथों से चली और मृतक सेल्समैन के लग गई। गोली इरादतन मारी गई या यह हादसा था, इसकी पुलिस जांच कर रही …

फरीदपुर, अमृत विचार। फरीदपुर-बीसलपुर रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर सोमवार देर रात गोली लगने से सेल्समैन की मौत हो गई। बंदूक गार्ड की बताई जा रही है, जो दूसरे सेल्समैन के हाथों से चली और मृतक सेल्समैन के लग गई। गोली इरादतन मारी गई या यह हादसा था, इसकी पुलिस जांच कर रही है। पेट्रोल पंप स्वामी ने फरीदपुर पुलिस को सूचित किया। मौके पर थाने की पुलिस के अलावा फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया है।

भुता थाना के गांव कंजाचकरपुर निवासी मृतक 42 वर्षीय चंद्रभान पुत्र नन्हे लाल बीसलपुर-फरीदपुर रोड पर गुड्डू के भट्टे के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन की नौकरी करते थे। सोमवार की रात को चंद्रभान के अलावा चौकीदार रविन्द्र और दूसरे सेल्समैन रजनीश की ड्यूटी पेट्रोल पंप पर थी। देर रात करीब 11:43 बजे तीनों लोग साथ बैठे थे। सेल्समैन चंद्रभान व चौकीदार कुर्सी पर बैठे थे। जबकि रजनीश तख्त पर लेटा हुआ था। बंदूक तख्त के पास रखी थी।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान रजनीश ने बंदूक को उठाया और कुछ ही क्षणों में गोली चल गई। गोली चंद्रभान के सीने में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरा घटनाक्रम पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मियों ने पेट्रोल पंप मालिक को बताया, तब मालिक ने पुलिस को सूचना दी और स्वयं मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उधर पोस्टमार्टम हाउस पर चंद्रभान के परिजनों ने सेल्समैन रजनीश पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि रजनीश ने चंद्रभान को मारने के लिए ही बंदूक उठाई थी। हालांकि वे रंजिश के कारण के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सके। वहीं, अभी तक मृतकों के परिजनों की ओर से घटना में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
वहीं घटना को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दो वीडियो में एक वीडियो 2 मिनट 51 सेकंड की है। इसमें कुछ सेकेंड की वीडियो कट है। इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

“दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं आई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।” -नागेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी, फरीदपुर

संबंधित समाचार