बरेली: चार माह में 21461 वोटर बढ़े, नगर निगम क्षेत्र में सर्वाधिक बढ़ोतरी
अंतिम निर्वाचक नामावली की सूची का प्रकाशन जारी, पांच साल चार माह में 86647 युवा वोटरों की वृद्धि
बरेली, अमृत विचार। संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद नगरीय निकाय चुनाव के लिए शनिवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। इससे पांच साल और चार माह बाद वोटर बढ़ने की तस्वीर भी साफ हो गई। इस बार नगर निगम सीमा में 86647 युवा वोटरों की वृद्धि हुई है। यह वोटर ही इस बार मेयर चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। किसी का खेल बिगाड़ेंगे तो किसी को मेयर बनाएंगे।
2017 के चुनाव में नगर निगम में 761116 वोटर थे। इस बार इनकी संख्या बढ़ गई है। अब कुल निगम में 847763 वोटर हो गए हैं। 2017 से लेकर दिसंबर, 2022 तक पूर्व में वोटरों की सूची जारी हुई थी। इसके बाद चुनाव टल गए। अब चार माह के बाद वोटरों की संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद सूची जारी हुई है। दिसंबर 2022 तक निगम एरिया में 833023 वोटर थे। अब 14737 वोटर और बढ़ गए।
जिले के निकाय चुनाव की बात करें तो एक लाख 47 हजार 513 वोटर बढ़े हैं, जो एक मेयर और 19 नगर पालिकाध्यक्ष/नगर पंचायत अध्यक्षों के साथ 372 पार्षद/सभासदों की किस्मत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। निकाय चुनाव में कुल 13 लाख 32 हजार 176 वोटर हैं। इधर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ऋतु पूनिया ने पत्र जारी कर कहा की अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन कर दिया है। सभी निकायों की सूची अपर जिलाधिकारी प्रशासन के कार्यालय में निशुल्क निरीक्षण के लिए रखी हैं। कोई भी आकर अपने निकाय की निर्वाचक नामावली देख सकता है।
इतने मतदाता और मतदान केंद्र हैं
नगर निगम सीमा में 80 वार्ड हैं।163 मतदाता केंद्र और 640 मतदान केंद्र हैं। नवाबगंज नगर पालिका परिषद क्षेत्र में 25 वार्ड है। 17 मतदाता व 52 मतदान केंद्र हैं। 39744 वोटर हैं। बहेड़ी नगर पालिका में 18 मतदाता व 62 मतदान हैं। फरीदपुर नगर पालिका में 15 मतदाता व 72 मतदान केंद्र और नगर पालिका परिषद आंवला में 23 मतदाता व 66 मतदान केंद्र हैं।
वोटरों की निकाय बार स्थिति
निकाय दिसंबर के वोटर अब वोटर
नगर निगम 833023 847763
ठिरिया पंचायत 21154 21428
रिठौरा 13431 13801
धौरा टांडा 19701 20151
मीरगंज 19601 20154
फतेहगंज पश्चिमी 24169 24320
शाही 12988 13083
शीशगढ़ 20553 21090
नबावगंज पालिका 39744 39894
सेंथल 13865 13809
बहेड़ी पालिका 59908 61122
फरीदपुर पंचायत 6526 6589
रिछा 17337 17281
देवरिया 19364 19339
शेरगढ़ 14080 14309
फरीदपुर पालिका 70849 71986
फतेहगंज पूर्वी 10781 10788
आंवला पालिका 59855 60906
विशारतगंज 13540 13951
सिरौली 20246 20415
कुल 1310715 1332176
संक्षिप्त पुनरीक्षण में 26999 वोटर बने
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मार्च माह में हुए संक्षिप्त पुनरीक्षण में कुल 26999 वोटर बने थे लेकिन चार माह में 5538 वोटर कम भी हो गए। इस वजह से इसमें 1348 वोटरों में संशोधन भी हुआ है। 5840 युवाओं ने ऑनलाइन वोटर भी बनवाए थे। सबसे ज्यादा वोटर आंवला में कम हुए थे। यहां 1620 वोटरों के नाम काटे गए हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: सेटेलाइट बस अड्डे के पूछताछ केंद्र से कर्मचारी गायब, निलंबित
