मेरठ: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने की विकास कार्यों की समीक्षा
मेरठ, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को मेरठ पहुंचे। बागपत रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। पार्टी पदाधिकारी, नेताओं के साथ उन्होंने महापौर पद के दावेदारों को लेकर चर्चा की। साथ ही निकाय चुनाव को लेकर पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं को तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का रविवार को साढ़े तीन बजे परतापुर हवाई पट्टी पर हेलीकॉप्टर उतरा। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री का बुके देकर मेरठ आगमन पर स्वागत किया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री पदाधिकारियों, नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बागपत रोड स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने, पदाधिकारियों, कोर ग्रुप व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने निकाय चुनाव के अंतिम आरक्षण होने के बाद रणनीति बनाने के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों संग प्रत्याशी को लेकर भी मंथन किया। बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंडलायुक्त कार्यालय में पहुंचे और विभागों के विकास कार्यो को लेकर समीक्षा की।
पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सभी वर्गो के हितों में कार्य कर रही है। शनिवार से उत्तर प्रदेश में गेहूं की खरीद शुरू कर दी गई है। इस बार किसानों को 2125 रुपये समर्थन मूल्य घोषित किया गया है। कहा कि किसानों को राहत देते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बारिश से प्रभावित गेहूं को खरीदने के भी आदेश जारी किए है। इसके बाद उप मुख्यमंत्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार की ओर से मनोज जोशी की प्रस्तुति चाणक्य हिन्दी नाटक के मंचन में शामिल हुए। इस दौरान राज्यमंत्री दिनेश खटीक, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, एमएलसी सरोजनी अग्रवाल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, मनिंदर विहान, मनोज चिरौड़ी आदि मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- मेरठ: स्मैक सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार, 26 लाख की स्मैक बरामद
