बरेली : लापरवाही न पड़ जाए भारी, जिले में चार कोरोना एक्टिव केस
बरेली, अमृत विचार। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई जगह लगातार कोविड 19 संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इससे यूपी का बरेली जिला भी अछूता नहीं है। अचानक कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों से स्वास्थ विभाग की चिंता बढ़ा दी है। संक्रमण के बढ़ने से बाजार में एक बार फिर से सेनेटाइजर व मास्क की डिमांड बढ़ गई है। लोग कोरोना के कोहराम को भुलाकर लगातार लापरवाही बरत रहें हैं। बाजारों से लेकर सभी सार्वजनिक स्थानों पर लोग लापरवाह होकर निकल रहे हैं।
बा दें कि अभी कुछ दिनों पहले तक बरेली जिला कोरोना मुक्त था, लेकिन कुछ दिनों से कोरोना केस निकलने पर बरेली एक बार फिर इस महामारी की चपेट में आ गया है। अभी तक जिले में 4 कोरोना एक्टिव केस हैं। चारों संक्रमित अपने-अपने घरों में क्वारंटीन हैं।
कोरोना महामारी ने पूरे विश्व मे कहर मचा दिया था। इस वायरस के कारण कई लोगों ने अपने परिवार के लोगों को खोया था। इस वायरस के कारण लोगों के परिवार तबाह हो गए। लेकिन, धीरे-धीरे लोग इसके प्रकोप को भूल गए। एक बार फिर इस वायरस ने पैर पसारना शुरू कर दिया है और लोग लापरवाह नजर आ रहे हैं। इस वायरस से बचाव केवल सावधानी ही है, लेकिन फिर भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं। कोई भी न तो सेनेटाइजर का इस्तेमाल कर रहा और न ही मास्क लगा रहा है। बाजार आदि में लोग लापरवाह नजर आ रहे हैं।
कोरोना महामारी के मामले निकलने से बाजार में कोई खास फर्क नहीं पड़ा है। दुकानदारों की मानें तो 10 फीसदी तक बाजार में मास्क और सेनेटाइजर की डिमांड बढ़ी है। हालांकि, अभी भी लोग इसका उपयोग कम कर रहे हैं। लापरवाही से कभी भी बरेली में कोरोना विस्फोट हो सकता है।
ये भी पढ़ें : स्पाइसजेट ने कार्गो, लॉजिस्टिक्स व्यवसाय की अलग इकाई बनाई
