Kanpur Dehat Fire : आग से जली वनस्पति फैक्ट्री में चार दिन बाद भी निकल रहा धुआं, फिर से भड़कने की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में चार दिन बाद भी वनस्पति फैक्ट्री से धुआं निकल रहा।

कानपुर देहात के रनियां औद्योगिक क्षेत्र में सालों से बंद पड़ी वनस्पति फैक्ट्री में आग लग गई थी। इस पर दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया। लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी फैक्ट्री से धुआं निकल रहा। धुआं निकलने पर फिर से आग भड़कने की आशंका से लोग सहमे है।

कानपुर देहात, अमृत विचार। औद्योगिक क्षेत्र के खानचंद्रपुर गांव के पास हाइवे किनारे चार सालों से बंद पड़ी वनस्पति फैक्ट्री में चार दिन पहले लगी भीषण आग बुझने के बावजूद अभी शांत नहीं हो सकी है। फैक्ट्री में जले सामान से अभी भी धुआं उठता देखा जा सकता है। जिससे आसपास के लोग आग फिर से भड़कने को लेकर संशकित हैं।

रनियां क्षेत्र के खानचंद्रपुर गांव के पास कानपुर-इटावा हाइवे किनारे चार साल से बंद पड़ी खाद्य तेल बनाने वाली लक्ष्मी वनस्पति फैक्ट्री में बीती 31 मार्च की सुबह संदिग्ध हालात में आग लग गई थी। तेज हवाओं के चलने से कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। फैक्ट्री सुपरवाइजर की सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया था, लेकिन आग के विकराल होने के चले चलते आग बुझाने के इंतजाम कम पड़ गए थे। जिस पर औरैया से दो दमकल बुलाई गई।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका था। मौके पर पहुंची डीएम नेहा जैन, एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति समेत अन्य अधिकारियों ने जायजा लिया था। वहीं आग बुझने के चार दिन बाद भी सोमवार को जली फैक्ट्री के मलवे से धुएं का गुबार उठाता देखा गया। जिससे आसपास के लोगों में भय व्याप्त दिखा। लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में खाद्य वनस्पति तेल बनाया जाता था।

ऐसे में ज्वलनशील होने के कारण आग फिर से भड़क सकती है। हालांकि फैक्ट्री प्रबंधन का कहना है कि आग बुझने के बाद लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं अग्निशमन अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि फैक्ट्री में आग पूरी तरह से बुझा दी गई है। दोबारा आग भड़कने जैसी कोई संभावना नहीं है।

संबंधित समाचार