मुरादाबाद में मिले पांच नए कोरोना संक्रमित, सक्रिय रोगियों की संख्या 20 हुई
सैंपलिंग का आंकड़ा 350 पर ही अटका, सीएचसी-पीएचसी समेत पांच स्थानों पर लिया जा रहा जांच के लिए नमूना
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को पांच नए संक्रमित मिलने से सक्रिय रोगियों की संख्या 20 पहुंच गई है। फिर भी सैंपलिंग में सुस्ती बरती जा रही है। हर दिन 350 लोगों की कोरोना जांच के लिए नमूना लिया जा रहा है। हालांकि शासन ने भी अब गाइडलाइन जारी कर सैंपलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया है।
चिकित्साधिकारियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, सीएचसी, पीएचसी और जिला अस्पताल में कोरोना जांच के लिए नमूना लेने के लिए टीम लगाई गई है। यहां हर दिन 300-350 तक जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे है। बाहर से आने वाले लोगों पर विशेष नजर है। सोमवार को 335 लोगों की सैंपलिंग की गई। जिसमें पांच लोगों की रिपोर्ट कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी मरीजों की तबीयत ठीक बताई जा रही है। हालांकि संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें होम आइसोलेट किया जा रहा है।
चार दिनों में आंकड़ों पर नजर...
- तारीख कोरोना संक्रमित
- 30 मार्च -02
- 01 अप्रैल-09
- 02 अप्रैल-04
- 03 अप्रैल-05
ऐसे करें बचाव...
नोडल अधिकारी का कहना है कि कोरोना गाइडलाइन का पालन करें। घर से निकलते समय मास्क अवश्य लगाए। लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें। प्रतिरोधक क्षमता बढ़ता के लिए पौष्टिक आहार व तरल पदार्थ का उपयोग करें। नियमित हाथ धोएं।
वैक्सीन आने की संभावना नहीं
नोडल अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे ने बताया कि शासन से वैक्सीन के संबंध में कोई गाइडलाइन नहीं मिली है। जिसके बाद जिले में वैक्सीन आने की संभावना नहीं है। बताया कि नौ फरवरी को 27,500 टीकाकरण डोज समाप्त होने के बाद कोई वैक्सीन नहीं मिली है और न ही अब मिलने की उम्मीद है।
सीएचसी, पीएचसी पर होगी मलेरिया की निशुल्क जांच
मुरादाबाद। डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए अब बुखार के मरीजों की निशुल्क मलेरिया जांच कराई जाएगी। सीएचसी, पीएचसी समेत जिला अस्पताल में जांच के लिए अलग से डेस्क स्थापित की जा रही हैं। इसके अलावा मच्छरों की रोकथाम को क्षेत्रों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। साफ-सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त कराई जा रही है। एक से 30 अप्रैल तक चलने वाले संचारी रोगों के खिलाफ अभियान के तहत लोगों को घर-घर जाकर जल जनित रोगों व लू आदि से बचाव व उपचार के बारे में जागरूक किया जा रहा है। वर्ष 2022 में मलेरिया के 28 और डेंगू के 576, वर्ष 2021 में मलेरिया के 47 और डेंगू के 1129 मरीज चिह्नित किए गए थे। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. प्रेम नारायण ने बताया कि इस बार भी बुखार के सभी मरीजों की मलेरिया जा कराई जाएगी। बताया कि जिले में वेक्टर जनित रोगों से प्रभावित 150 संवेदनशील गांव चिह्नित किए गए हैं।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : गबरू सैफी को सुरक्षा दो, हमलावरों को गिरफ्तार करो', ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गेनाइजेशन ने किया प्रदर्शन
