अयोध्या: पैदल मार्च निकाल कांग्रेसियों ने किया सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त किए जाने का जताया विरोध 

अयोध्या, अमृत विचार। राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने शहर में पैदल मार्च निकाल प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव व महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नाका बाईपास स्थित गांधी आश्रम से पैदल मार्च करते हुए मकबरा पहुंचे और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 
    
 जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा देश की तानाशाह सरकार राहुल गांधी को सच बोलने की सजा दे रही है, जिसे कांग्रेस के कार्यकर्ता कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता अपने नेता राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि अदानी ग्रुप के संदर्भ में लोकसभा में पूछे गए सवालों से प्रधानमंत्री डर गए हैं, प्रश्नों के उत्तर देने के बजाय केंद्र की सरकार बदले की कार्यवाही कर रही है, ताकि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से जनता का ध्यान भटकाया जा सके। 

महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल ने कहा केंद्र की भाजपा सरकार तानाशाह हो गई है, इस देश के हित में यदि सरकार से कोई सवाल करता है तो सरकार उसके साथ दुश्मन जैसा व्यवहार करती हैं। जिला कांग्रेस प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के विरुद्ध निकाली गई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा की सरकार डर गई है। 

इसी के कारण भाजपा की सरकार दमनकारी नीतियों पर उतर आई है, पर कांग्रेस का कार्यकर्ता हताशा पूर्ण और दमन कारी नीतियों से डरने वाले नहीं हैं। प्रदर्शन में पीसीसी सदस्य राजेंद्र प्रताप सिंह, उग्रसेन मिश्रा, शैलेंद्र मणि पांडे, पूर्व जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा, महिला जिलाध्यक्ष रेनू राय, प्रमिला राजपूत , कंचन दुबे, उषा कोरी, संजय तिवारी, रिशु सिंह, जितेंद्र यादव, मनोज जायसवाल, विजय मद्धेशिया, रितु यादव, रामकरण कोरी  राम अवध, प्रकाश निषाद सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।

संबंधित समाचार