बरेली : संदिग्ध परिस्थितियों में मिला विवाहिता का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बरेली, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव मिला है। महिला के पति ने तबीयत खराब होने की बात कर उसके मायके वालों को इसकी सूचना दी। घटना की सूचना पर मायके वाले जब महिला के घर पहुंचे तब वह मृत अवस्था में फर्श पर पड़ी हुई थी। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच में जुट गई। परिजनों का आरोप है कि महिला को आए दिन दहेज की खातिर परेशान किया जाता था। दहेज न देने पर उसकी हत्या कर दी गई।
थाना शीशगढ़ के गांव जाफरपुर की रहने वाली 30 वर्षीय फराह के चचेरे भाई मोहम्मद फैजान ने बताया कि फराह की शादी 10 साल पहले गांव के रहने वाले आरिफ से की थी। जिससे दो बेटा, एक बेटी हैं। दहेज की खातिर उसे कई दिनों से परेशान किया जा रहा था। जिसका कोर्ट में मुकदमा भी चल रहा है। पिछले 2 महीनों से वह मायके में रह रही थी। कुछ दिन पहले बच्चों को देखने ससुराल आई थी। सोमवार की देर रात पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
आरिफ ने मायके वालों को फोन पर तबीयत खराब होने की बात कर बुला लिया। जब वहां पर मायके पक्ष के लोग पहुंचे तो फर्श पर फराह का शव पड़ा हुआ था। सभी लोग फरार थे। मायके वालों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मायके वालों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कार्यवाही शुरू कर दी।
गांव में चर्चा का विषय यह भी बना है कि आरिफ ने दूसरी शादी बंजरिया गांव में कर ली है। जिसके चलते पहली पत्नी रास्ते में अड़चन बन रही थी। इस कारण आरिफ ने उसे मौत के घाट उतार दिया। आरिफ इससे पहले भी फराह से कई बार मारपीट कर चुका था। जिस कारण 2 महीने से फराह मायके में रह रही थी। आरिफ ने बच्चों को फराह के साथ नहीं भेजा था। वह अपने बच्चों को देखने आई थी।
ये भी पढ़ें : हुगली में फिर हिंसा, रेलवे स्टेशन पर पथराव, गवर्नर दार्जिलिंग दौरा रद्द कर कोलकाता रवाना
