Fatehpur में Deputy CM Brajesh Pathak बोले- पहले गुंडा माफिया, फौज का मानो लाइसेंस लेकर घूमते थे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में दो दिवसीय दौरे पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक रहे।

फतेहपुर में दो दिवसीय दौरे पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक रहे। डिप्टी सीएम ने आगामी चुनाव के नाम पर भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरा। विरोधी पार्टियों खासकर सपा को निशाने पर रखते हुए सियासत के तीर छोड़े।

फतेहपुर, अमृत विचार। सूबे के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने मंगलवार को कार्यक्रम को संबोधन के दौरान सपा पर जबरदस्त हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले गुंडा माफिया इस तरह से घूमते थे, जैसे उन्हें आत्मरक्षा का लाइसेंस नहीं बल्कि फौज का लाइसेंस मिला है। पचास फीसदी से ज्यादा डॉक्टर अस्पताल जाने का गवारा नहीं करते थे। अब स्थितियां बदल चुकी हैं। गुंडा माफिया जेल में नजर आ रहे हैं या फिर खुद प्रदेश छोड़ कर चले गए हैं। हाजिरी व्यवस्था लागू होने से अस्पतालों में डॉक्टर नजर आ रहे हैं।

डिप्टी सीएम ने कहा कि बात चाहे कोरोना से जंग की हो या फिर शुद्ध जल के लिए पांच करोड़ हिंदुस्तानी परिवारों को टोटी के नल से घर में जल देने का मामला। सबमें भाजपा की सरकार ने मुकाम हासिल किया है।  

दो दिवसीय दौरे के आखिरी दिन भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से मुखातिब डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि अब स्थितियां बदल चुकी हैं। हमारी सरकार ने जो काम किए हैं। वह जनता के सामने हैं और लोकप्रियता का मापदंड स्थापित कर रहे हैं। सपा कार्यकाल को निशाने पर लेते हुए कहा कि पहले गुंडा माफिया बिना किसी भय के असलहे लेकर उनका प्रदर्शन करते थे।

सपा के शासन में जिलों में मुख्तार अंसारी व अतीक अहमद जैसे चेहरे आंतक का पर्याय बने थे। अब इस पर विराम लग चुका है क्योंकि अब कानून का राज है। यह कानून छोटा या बड़ा नहीं देखता है। यह सबको सजा देने का काम कर रहा है। सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के रहनुमा डॉक्टरों में पचास फीसदी से ज्यादा नौकरी से भागते थे।

अब ऐसा नहीं हो रहा है। हाजिरी सिस्टम की नकेल से वह मरीज देख रहे हैं। दावा किया कि  अब संकल्प लिया गया है कि सरकारी अस्पताल का चिकित्सक अब एक भी टिकिया बाहर से नहीं मंगाएगा क्योंकि दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है। डिप्टी सीएम ने गैर भाजपाई सरकारों का नाम लिए बगैर कहा कि भाजपा सरकार से पहले घर में जब फूफा व जीजा आते थे तो बत्ती दिन की है या रात की, यह अवश्य पूछते थे।

बिजली न मिलने के कारण लोग जेनरेटर व इनवर्टर के इंतजाम के साथ मिट्टी के तेल का दीया भी रखते थे। अब स्थितियां बदल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिलों मुख्यालयों को डबल व फोर लेन से जोड़ने का काम किया है। अब तक दो लाख 70 हजार किलोमीटर सडकें बनाई जा चुकी हैं। देश के पीएम नरेंद्र मोदी के काम की प्रशंसा करते हुए कहा कि पांच करोड़ परिवारों को शुद्ध पेयजलापूर्ति कराने को हर घर नल योजना पर काम चल रहा है।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी, जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, खागा विधायक कृष्णा पासवान, अयाहशाह विधायक विकास गुप्ता, पूर्व राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह धुन्नी सिंह, पूर्व सदर विधायक विक्रम सिंह, अन्नू श्रीवास्तव, पुष्पराज पटेल, ब्लाक प्रमुख संघ अध्यक्ष अमित तिवारी, भाजयुमो जिलायध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा, रिंकू लोहारी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभू दत्त दीक्षित, दिनेश बाजपेई, प्रमोद द्विवेदी, जिलाध्यक्ष महिला इकाई ज्योति प्रवीण, स्मिता सिंह, सुशीला मौर्या,अर्चना त्रिपाठी, विजय लक्षमी साहू, अपर्णा सिंह, जयंती वर्मा, अवधेश मिश्रा भी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार