बरेली: शेषनाग और अजगर की फुंकार से हफ्ते भर बेहोश रहेगी यात्री रेल सेवा
बड़ी मालगाड़ियों के लिए रसुइया-बंथरा में लूप लाइन के निर्माण के लिए सात से 14 अप्रैल के बीच 24 ट्रेनें रद्द, 10 डायवर्ट
बरेली, अमृत विचार। शेषनाग और अजगर के नाम से पुकारी जाने वाली लंबी मालगाड़ियों के रसुइया और बंथरा में लूप लाइनों के निर्माण का खामियाजा अगले करीब एक हफ्ते तक लाखों रेल यात्रियों को भुगतना पड़ सकता है। रेलवे ने 24 ट्रेनों को निरस्त और 10 ट्रेनों को डायवर्ट करने का एलान किया है। डायवर्ट की गई कई ट्रेनें भी बरेली जंक्शन के लिए निरस्त रहेंगी। इसके अलावा एक ट्रेन को रिशेड्यूल और दो ट्रेनों को रेग्युलेट किया गया है।
बरेली और लखनऊ के बीच रसुइया में लंबी लूप लाइन और बंथरा में अतिरिक्त लूप लाइन का निर्माण किया जा रहा है ताकि अजगर और शेषनाग जैसी लंबी मालगाड़ियां आने वाले दिनों में बिना रुकावट गुजर सकें। दोनों जगह अगले सात दिन तक यात्री ट्रेनों को रोककर निर्माण करने का फैसला लिया गया है। जो ट्रेनें निरस्त या डायवर्ट की गई हैं, उनमें आरक्षण कराने वाले यात्रियों को रेलवे की ओर से मेसेज भेजकर इस संबंध में सूचना दी जा रही है। बड़ी संख्या में ट्रेनों के निरस्त और डायवर्ट होने से सप्ताह भर तक रेल यात्रियों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ सकती हैं।
अवध-असम, काशी विश्वनाथ और नौचंदीस समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनें रहेंगी निरस्त
मुरादाबाद रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह के मुताबिक अप लाइन पर 14235 बनारस-बरेली सात से 11 अप्रैल, 14236 बरेली-बनारस एक्सप्रेस आठ से 12 अप्रैल, 14307 प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस आठ से 12 अप्रैल, 15011
लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस आठ से 11 अप्रैल, 12583 लखनऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस नौ व 11 अप्रैल, 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस आठ से 11 अप्रैल, 15119 वाराणसी-देहरादून एक्सप्रेस आठ से 11 अप्रैल, 14511 नौचंदी एक्सप्रेस नौ से 12 अप्रैल, 15127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस आठ से 14 अप्रैल, 15909 अवध असम एक्सप्रेस छह से 10 अप्रैल, 12369 कुंभ एक्सप्रेस आठ से 11 अप्रैल, 12327 उपासना एक्सप्रेस सात व 11 अप्रैल, 04379 रोजा-बरेली एक्सप्रेस आठ से 13 अप्रैल तक निरस्त रहेंगी।
डाउन लाइन पर 14308 बरेली-प्रयागराज आठ से 12 अप्रैल, 15012 चंडीगढ़ लखनऊ जंक्शन नौ से 12 अप्रैल, 12584 आनंद विहार लखनऊ जंक्शन नौ व 11 अप्रैल, 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस नौ से 12 अप्रैल, 15120 देहरादून-वाराणसी एक्सप्रेस नौ से 12 अप्रैल, 14512 नौचंदी एक्सप्रेस आठ से 11 अप्रैल, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस नौ से 12 अप्रैल, 15910 अवध-असम एक्सप्रेस नौ से 13 अप्रैल, 12328 उपासना एक्सप्रेस आठ से 12 अप्रैल, 12370 कुंभ एक्सप्रेस नौ से 11 अप्रैल और 04380 बरेली-रोजा एक्सप्रेस सात से 12 अप्रैल तक निरस्त रहेगी।
त्रिवेणी समेत इन 10 ट्रेनों को किया डायवर्ट
बरेली जंक्शन से गुजरने वाली 10 ट्रेनों को डायवर्ट भी किया गया है। इनमें 15073 त्रिवेणी एक्सप्रेस आठ व 11 अप्रैल, 15075 त्रिवेणी एक्सप्रेस 7,9 और 10 अप्रैल को शाहजहांपुर-पीलीभीत के रास्ते चलेगी और बरेली जंक्शन, बरेली सिटी, इज्जतनगर पर निरस्त रहेगी 12209 कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम एक्सप्रेस 11 अप्रैल को शाहजहांपुर-पीलीभीत-भोजीपुरा के रास्ते चलेगी और बरेली जंक्शन, बरेली सिटी, इज्जतनगर पर निरस्त रहेगी। इसके अलावा कई और ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। एक ट्रेन को रिशेड्यूल और दो ट्रेनों को रेग्यूलेट कर चलाया जाएगा।
दोहरी मुश्किल, रोडवेज बस सेवा की हालत पहले से खराब
बड़ी संख्या में ट्रेनों के निरस्त और डायवर्ट होने के बाद यात्रियों का रोडवेज बसों की रुख होना तय है लेकिन दिक्कत यह है कि बरेली में रोडवेज बस सेवा की हालत पहले से दयनीय है। कुछ ही समय पहले समय पूरा होने के बाद रोडवेज के बेड़े से काफी संख्या में बसों को हटाया जा चुका है। इसके अलावा तमाम बसों की हालत खराब होने के कारण बस सेवाएं प्रभावित रहती हैं। पिछले दिनों होली के दौरान यात्रियों की भीड़ बढ़ने के बाद इसी वजह से अभूतपूर्व संकट खड़ा हुआ था। लिहाजा यह तय है कि अगले एक सप्ताह यात्रियों को दोहरी मार झेलनी पड़ेगी।
यह भी पढ़ें- बरेली: ऑटो का एक दिन में तीन-तीन चालान होने से चालक परेशान, बोले- समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
