बरेली: कागजों में संचारी रोग अभियान, बीमारियां फैलने की आशंका से डरे लोग
अभियान शुरू हुए चार दिन बीते पर जगह-जगह फैली पड़ी है गंदगी
बरेली, अमृत विचार। संचारी रोगों से निपटने के लिए जिला प्रशासन 30 अप्रैल तक अभियान चल रहा है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में फैली गंदगी से अभियान सिर्फ खानापूरी ही साबित होगा। मीरगंज, बिथरी, नवाबगंज के कई गांवों में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। गंदगी की वजह से मच्छर पनप रहे हैं। बारिश की वजह से गलियों में गंदा पानी भर गया है।
जिले में 1 अप्रैल से शासन के निर्देश पर संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया गया है। इसमें पंचायती राज विभाग, पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि समेत कई विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है।
पंचायती राज अधिकारी कार्यालय में मिले सरकारी आंकड़ों में जनपद की समस्त 1193 ग्राम पंचायतों में कम से कम एक सफाई कर्मी तैनात है। कुछ ग्राम पंचायतों में आबादी के हिसाब से सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाकर दो से तीन भी है। अभियान का मकसद गांव-गांव सफाई और दूषित स्थलों पर दवाओं का छिड़काव आदि करना था, लेकिन गांवों से गंदगी हटने का नाम नहीं ले रही है।
ये हैं संचारी रोग अभियान
संचारी रोग अभियान साल में तीन बार बारिश से पहले, बारिश के समय और बारिश के बाद चलाया जाता है। इस दौरान साफ सफाई और छिड़काव कराया जाता है, ताकि गंदगी और जलभराव न हो और मच्छरों के प्रकोप से बचा जा सके। इसमें 12 विभाग मिलकर अभियान चलाते हैं।
यहां तो गांव में बीमारी फैलने की आशंका
बिथरी ब्लाक के गांव हरकिशन ग्राम पंचायत की गलियां में गंदगी की भरमार है। कीचड़ की वजह से बीमारियां फैलने की आशंका है। रात को मच्छरों ने लोगों की नींद उड़ा रखी है।
कागजों तक सीमित संचारी रोग अभियान
हाफिजगंज में पंचायत सचिवालय के आसपास सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। सचिवालय तक आने के लिए ग्रामीणों को गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है। संचारी रोग अभियान यह भी सिर्फ कागजों तक सीमित हैं।
गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है
मीरगंज जाने वाले मार्ग पर जल जमाव रहता है। ग्रामीणों की मानें तो जल निकासी के लिए जिम्मेदारों से कई बार कहने के बाद भी स्थिति जस तस बनी है। सड़क पर ही नाली का पानी गिरता है।
चार दिन बाद भी नहीं पहुंचा कोई गांव
फरीदपुर के गांव गौसगंज सराय में नालियां गंदगी से अटी पड़ी है। संचारी रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे अभियान को लेकर गांव में अभी तक कोई नहीं पहुंचा है।
यह भी पढ़ें- बरेली: इधर ब्लॉक की मार जारी... कुंभ एक्सप्रेस 15 घंटे, त्रिवेणी तीन घंटे से ज्यादा लेट
