रायबरेली : स्वामी प्रसाद मौर्य पर दर्ज हुई धार्मिक भावना आहत करने की प्राथमिकी, प्रसंगवश भगवान राम पर की थी टिप्पणी
रायबरेली, अमृत विचार। सोमवार को रायबरेली में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रैली के दौरान सपा के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्या अपने संबोधन में प्रसंगवश भगवान श्रीराम पर टिप्पणी करके फंस गए हैं। उनके विरुद्ध पुलिस ने धार्मिक भावना आहत करने और सामाजिक विद्वेष पैदा करने की प्राथमिकी दर्ज की है।
सपा नेता ने अपने भाषण में पूर्व में काशीराम के समय मुलायम सिंह से बसपा के हुए गठजोड़ की चर्चा करते हुए कहा था कि उस समय एक नारा सार्थक हुआ था कि ' मिले मुलायम कांशीराम ,हवा में उड़ गए जय श्री राम '। उन्होंने यह बात काशीराम के संदर्भ में और बसपा के मतदाताओं के सपा से जुड़ने को लेकर कही थी । लेकिन उनका यह जुमला अब उनके गले की फांस बन गया है। मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ धार्मिक भावना आहत करने और सामाजिक विद्वेष पैदा करने का मामला दर्ज किया है, हिंदू युवा वाहिनी के जिला महामंत्री ने कोतवाली नगर में उनके विरुद्ध मामला दर्ज कराया है। हिन्दू युवा वाहिनी के जिला महामंत्री मारुत त्रिपाठी ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है। जिसमें समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्या द्वारा भगवान श्रीराम पर अभद्र टिप्पणी की गई है। जिससे सभी सनातनी समाज को आहत करने व धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
हिंदू युवा वाहिनी की तहरीर पर शहर कोतवाली में स्वामी प्रसाद मौर्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है सीओ सिटी वंदना सिंह ने बताया कि स्वामी प्रसाद मौर्य के विरुद्ध धार्मिक भावना आहत करने और सामाजिक विद्वेष फैलाने का मामला दर्ज किया गया है। जिसकी विवेचना की जा रही है। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही की जाएगी। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि हिंदू युवा वाहिनी के नेता की तहरीर पर सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जिसकी विवेचना की जा रही है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : याचिका दाखिल कर की पिछड़ा आयोग के रिपोर्ट की मांग
