बरेली नगर निकाय चुनाव : आरक्षण पर आपत्तियां दर्ज कराने के लिए बचे सिर्फ दो दिन
बरेली, अमृत विचार। नगर विकास अनुभाग की ओर से 30 मार्च को आए आरक्षण में आपत्तियां देने के लिए सिर्फ दो दिन ही बचे हैं। महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष की सीटों के लिए प्रस्तावित हुए आरक्षण पर 6 अप्रैल तक ही आपत्तियां दी जा सकेंगी। निर्वाचन कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि अब तक 100 से अधिक आपत्तियां पहुंची हैं। इसमें सर्वाधिक आपत्तियां नगर पंचायत और नगर पालिका अध्यक्ष सीटों को लेकर की गई हैं।
पार्षद और सभासद सीटों पर ओबीसी सर्वे में कुछ बदलाव नहीं हुआ लेकिन जिले की 19 नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष की सीटों में से 12 सीटों का आरक्षण बदल गया था। इससे चुनाव लड़ने की तैयारी करने वाले नेताओं का समीकरण बदल गए। 8 सीटें ओबीसी के खाते में चली गई थीं। आपत्तियों का निस्तारण 6 अप्रैल के बाद होगा। इसमें भी दो दिन लगेंगे। स अनुभाग को प्रस्तावित किन-किन सीटों पर आपत्तियां आईं, इस संबंध में रिपोर्ट जिला प्रशासन की ओर से भेजी जाएगी।
नगरीय निकाय चुनाव 2011 की जनगणना को आधार मानते हुए संपन्न कराए जाएंगे। जिला प्रशासन नगर निगम समेत 20 निकायों की कुल जनसंख्या 1625387 मान रहा है लेकिन मतदाता वृहद पुनरीक्षण और संक्षिप्त पुनरीक्षण की बात करें तो सभी नगर निकायों में 1332176 वोटर ही हैं।
इससे साफ जाहिर है कि निकायों की जनसंख्या भी 20 लाख से ऊपर पहुंच गई होगी। इस बार चुनाव में 712514 पुरुष और 619662 महिलाएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगी। 1 अप्रैल को जिला प्रशासन ने 1332176 वोटरों की सूची जारी की थी। निरीक्षण के लिए निर्वाचक नामावली अपर जिलाधिकारी प्रशासन के कार्यालय में रखी हैं। इस चुनाव में 336 मतदाता केंद्र और 1183 मतदान स्थल बनाए गए हैं। नगर निगम के 80 वार्ड समेत 20 निकायों के 372 वार्डों में चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।
महिला-पुरुष वोटरों की संख्या निकाय वार
निकाय पुरुष महिला वोट कुल वोट
नगर निगम 455954 391809 847763
ठिरिया पंचायत 11279 10149 21428
रिठौरा 7502 6299 13801
धौरा टांडा 10608 9543 20151
मीरगंज 10779 9375 20154
फतेहगंज पश्चिमी 12717 11603 24320
शाही 7067 6016 13083
शीशगढ़ 11568 9522 21090
नवाबगंज पालिका 21001 18893 39894
सेंथल 7072 6737 13809
बहेड़ी पालिका 31994 29128 61122
फरीदपुर पंचायत 3318 3271 6589
रिछा 8924 8357 17281
देवरिया 9926 9410 19339
शेरगढ़ 7484 6825 14309
फरीदपुर पालिका 37834 34152 71986
फतेहगंज पूर्वी 5817 4971 10788
आंवला पालिका 32990 27916 60906
बिशारतगंज 7758 6193 13951
सिरौली 10922 9493 20415
कुल 712514 619662 1332176
ये भी पढ़ें : बरेली : सड़ी-गली सब्जियों से बनाया चारा-दाना का विकल्प
