Share Market : शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स-निफ्टी मजबूत, रुपया 24 पैसे चढ़ा
मुंबई। वैश्विक बाजारों में मिलेजुले रुख के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजार में तेजी रही और सेंसेक्स, निफ्टी बढ़त के साथ खुले। इस दौरान तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 247.02 अंक या 0.42 प्रतिशत चढ़कर 59,353.46 अंक पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 67.90 अंक या 0.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,465.95 अंक पर था। सेंसेक्स में, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस समेत 13 कंपनियों के शेयर लाभ में कारोबार कर रहे थे जबकि 17 शेयर नुकसान में थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ जबकि यूरोप के बाजार मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए थे।
पिछले कारोबारी सत्र में, सोमवार को तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 114.92 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,106.44 अंक पर बंद हुआ था। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में 22 लाभ में जबकि आठ नुकसान में रहे। वहीं, पचास शेयरों पर आधारित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 38.30 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,398.05 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी के शेयरों में 32 लाभ में जबकि 18 नुकसान में रहे। महावीर जयंती के अवसर पर मंगलवार को बाजार बंद थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 321.93 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
रुपया 24 पैसे चढ़कर 82.08 पर पहुंचा
विदेशी पूंजी की आवक और अमेरिकी डॉलर में कमजोरी के चलते रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 24 पैसे चढ़कर 82.08 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 82.08 पर मजबूत खुला। शुरुआती सौदों में यह 82.04 से 82.10 के दायरे में कारोबार कर रहा था।
सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 11 पैसे की गिरावट के साथ 82.32 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। महावीर जयंती के अवसर पर मंगलवार को बाजार बंद थे। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 फीसदी की गिरावट के साथ 101.56 पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 321.93 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
ये भी पढ़ें : भारत की आर्थिक वृद्धि 2023-24 में नरम होकर 6.3 प्रतिशत रहेगी: विश्व बैंक
