पीलीभीत : 21 कैरेट सोने को बताया नकली, बैंक प्रबंधक पर एफआईआर
पीलीभीत, अमृत विचार। एक्सिस बैंक पीलीभीत मुख्य शाखा के प्रबंधक पर गोल्ड लोन में जमा कराए गए 21 कैरेट सोने को बदलने और पीड़ित को धमकाने का आरोप लगा है। सीओ सिटी से कराई गई जांच की आख्या प्राप्त होने के बाद मामले में सुनगढ़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
सुनगढ़ी थाने में दर्ज की गई रिपोर्ट में तिरुपति गोल्डन पार्क कॉलोनी के निवासी प्रशांत राय ने बताया कि उन्होंने एक्सिस बैंक शाखा सुनगढ़ी से छह अगस्त 2022 को गोल्ड लोन लिया था। यह लोन बैंक द्वारा 2,35,500 रुपये का बनाया गया था। बैंक ने उनके गोल्ड 43.3 ग्राम की तीन चेन, 15.7 ग्राम ब्रासलेट, 9.5 ग्राम की अंगूठी को 21 कैरेट बताया था। बैंक द्वारा सोने का उनसे बिलुएशन चार्ज, प्रशेसन व इंसोरेंस शुल्क के रूप में 2499 रुपये भी लिए गए। 27 फरवरी 2023 को वह अपने सेविंग खाते की जांच करने के लिए एक्सिस बैंक की मुख्य शाखा पीलीभीत में पहुंचे। बैंक मैनेजर देवेश पंथ ने अभद्रता शुरू कर दी और कहा कि पीड़ित के द्वारा रखा गया सोना नकली है। उसका लोन तुंरत जमा कर खाता बंद कर दो। धमकी दी कि अगर ऐसा नहीं किया तो बुरे परिणाम भुगतने होंगे। हो सकता है कि तुम्हारी जान भी चली जाए।
पीड़ित ने बैंक मैनेजर पर सोना बदलने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। उसके बाद अब बेवजह गोल्ड लोन बंद करने का दबाव बनाया जा रहा है। इसकी शिकायत एसपी से की गई। जिसके बाद जांच सीओ सिटी को दी गई। सीओ सिटी सतीश चंद शुक्ला ने मामले की प्रारंभिक जांच के बाद एफआइआर की संस्तुति करते हुए एसपी को वापस रिपोर्ट भेज दी। जिसके बाद अब एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी थाने में एक्सिस बैंक मुख्य शाखा के मैनेजर देवेश पंथ के खिलाफ धोखाधड़, अमानत में खयानत और धमकाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें : पीलीभीत: नोवल चीनी मिल कर्मियों ने दो किसानों को भगा-भगाकर पीटा, रिपोर्ट दर्ज
