बरेली: 21 लोगों का कत्ल किया, एसपी ने समय पूर्व रिहाई की कर दी संस्तुति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, राकेश शर्मा। सीतापुर में खून की ऐसी होली खेली गई कि राज्य सरकार तक हिल गई थी। तमंचों, देसी बंदूकों और रायफलों से गोलियों की बौछार कर एक नहीं बल्कि 21 लोगों को मौत की नींद सुला दिया था। इस नरसंहार में 25 अगस्त 2001 को 11 लोगों को उम्र कैद की सजा हुई। …

बरेली, राकेश शर्मा। सीतापुर में खून की ऐसी होली खेली गई कि राज्य सरकार तक हिल गई थी। तमंचों, देसी बंदूकों और रायफलों से गोलियों की बौछार कर एक नहीं बल्कि 21 लोगों को मौत की नींद सुला दिया था। इस नरसंहार में 25 अगस्त 2001 को 11 लोगों को उम्र कैद की सजा हुई। इसके बाद से मुख्य अभियुक्त सीतापुर जनपद के अटारिया थाना क्षेत्र के गांव मोहद्दीनपुर भीखीपुर निवासी दयाल पुत्र बोधे यहां केंद्रीय कारागार में है।

कोरोना काल में राज्य सरकार ने सैकड़ों कैदियों को पेरोल पर घर भेजा। इसी का लाभ उठाने के लिए कैदी दयाल ने समयपूर्व रिहाई के लिए शासन में दयायाचिका की अर्जी लगाई। उसकी अर्जी का विरोध करने की जगह पुलिस अधीक्षक सीतापुर ने समय पूर्व रिहाई करने की संस्तुति कर दी लेकिन जिला मजिस्ट्रेट ने संस्तुति नहीं की। मामले की फाइल राज्यपाल के समक्ष पहुंची तो उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट और उनकी अध्यक्षता में गठित समिति की रिपोर्ट को देखकर समयपूर्व रिहाई की अर्जी अस्वीकार कर दी। पूर्व में दो बार यह मामला हाईकोर्ट भी पहुंचा लेकिन हाईकोर्ट ने सजा को यथावत रखा था।

दयाल के अलावा अन्य मामलों में बरेली, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद व सीतापुर के 13 अन्य हत्या के अभियुक्तों ने भी रिहाई की अर्जी लगाई थी। सभी मामलों में पुलिस और प्रशासन स्तर पर विरोध करते हुए रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी। सभी मामले राज्यपाल के समक्ष आए। राज्यपाल ने सभी कैदियों की अर्जी अस्वीकार कर दीं।

मुरादाबाद निवासी कैदी पप्पू पुत्र कुंवरपाल, शाहजहांपुर निवासी कैदी कृष्ण मुरारी पुत्र ओमकार, सीतापुर जनपद के राहत अली पुत्र मदार बक्श, अवधेश पुत्र गुरुदीन व जंग बहादुर उर्फ जंगली पुत्र मैकू पासी और बरेली निवासी कैदी दुर्वेश पुत्र रामचंद्र ने अर्जी लगाई थी। विशेष सचिव सूर्य प्रकाश सिंह सेंगर ने पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं को दयायाचिका के संबंध में वास्तविक स्थिति से अवगत करा दिया है।

संबंधित समाचार