अयोध्या: कुत्तों का आतंक, बकरियां बन रहीं शिकार, एक की मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूराबाजार/ अयोध्या, अमृत विचार। थाना महाराजगंज क्षेत्र के पुलिस चौकी पूरा बाजार अंतर्गत आने वाले गांवों में आवारा कुत्तों के आतंक से लोग परेशान हैं। अब तक दो बकरियों समेत एक गाय इनका शिकार बन चुकी हैं। इससे पहले एक छोटे बच्चा भी कुत्ते के काटने से घायल हो गया था। 
  
बुधवार को मड़ना के मजरे कुर्की निवासी शाहजहां ने बताया कि दोपहर में बकरी चराने गांव के बगल बाग में थी। एकाएक आवारा कुत्तों ने बकरियों को काटना शुरू कर दिया। गोहार लगाया तो लोगों ने दौड़कर बकरियों को कुत्तों से मुक्त कराया। अधिक घायल होने से एक बकरी की मृत्यु हो गई व दूसरी बकरी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसका इलाज चल रहा है। जलालुद्दीन नगर निवासी अंगद सिंह व बृजेश सिंह ने बताया कि यहां भी पिछले सप्ताह उनके बछड़ों को कुत्तों ने काट कर घायल कर दिया था। स्थानीय निवासी राकेश यादव ने कहा कि दो सप्ताह पहले उनके 5 वर्षीय बच्चे अंश को आवारा कुत्तों ने काट कर घायल कर दिया था। कुत्तों के आतंक  से ग्रामीण अपने बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। इस बाबत पशु चिकित्सा अधिकारी पूरा बाजार डॉक्टर संजय यादव ने बताया  जानकारी मिली है। घायल पशुओं का इलाज किया जा रहा है। एडीओ पंचायत धनजीत ने बताया कि ऐसे आवारा कुत्तों को गुरुवार से पकड़ा जायेगा। सीएससी अधीक्षक पूरा बाजार डॉक्टर अमित वर्मा ने बताया सीएससी परिसर से ही दर्जनों कुत्तों को पकड़वा कर हटाया गया है। उन्होंने बताया कि एंटी रैबीज इंजेक्शन सीएचसी पर पर्याप्त मात्रा है।


ये भी पढ़ें - नुकसान: बिजली के तार पर पेड़ गिरने से गेहूं के खेत में लगी आग, तीन बीघे फसल जलकर राख

संबंधित समाचार