गाजीपुर से अयोध्या पहुंची युवती, बोली- पुलिस वाला शादी नहीं करेगा तो कर लूंगी Suicide
अमृत विचार, अयोध्या। गाजीपुर जिले से बुधवार को जनपद पहुंची एक युवती ने जमकर हंगामा किया। उसका आरोप है कि जिले में तैनात एक आरक्षी से उसका प्रेम प्रसंग हैं। आरक्षी ने उससे शादी नहीं की तो वह आत्महत्या कर लेगी। पुलिस महकमे ने आरक्षी को तलब किया है।
बताया गया कि गाजीपुर जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र स्थित इनामीपुर निवासी युवती 21 वर्षीय उजाला पुत्री स्व. सुभाष यादव बुधवार को अपनी फरियाद लेकर पुलिस लाइन स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंची। एसएसपी से मुलाकात के पूर्व ही वह बेहोश हो गई तो मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसको 12:50 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। उपचार के बाद उसे होश आया तो वार्ड में युवती ने हंगामा शुरू कर दिया। तत्काल प्रेमी आरक्षी को मौके पर बुलाने की जिद करने लगी तथा मौके पर तैनात महिला पुलिस कर्मियों से भिड़ गई। आक्रोशित युवती को संभालने में महिला पुलिस को पसीने-पसीने होना पड़ा। इसके बाद चिकित्सक को बुला, उसे इंजेक्शन दे शांत कराया गया। अभी प्रकरण में फिलहाल कोई लिखित शिकायत मिलने का मामला सामने नहीं आया है। संबंधित आरक्षी गाजीपुर जिले का ही रहने वाला बताया जाता है और पहले नवीनमंडी चौकी पर तैनात था। हालांकि इस समय उसकी ड्यूटी एक संत के साथ है।
क्षेत्राधिकारी नगर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मामला सामने आया है। युवती का स्वास्थ्य तथा मनोदशा ठीक न होने के चलते उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। साथ ही संबंधित आरक्षी विनय यादव को तलब किया गया है। दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कराई जाएगी।
ये भी पढ़ें - उमेश पाल हत्याकांड: रजिस्टर और आईफोन खोलेगा कई सफेदपोश नेताओं व ठेकेदारों का राज
