बाजपुर: 20 गांवों की 5838 एकड़ भूमि बचाने को लेकर जनता में उबाल
बाजपुर, अमृत विचार। क्षेत्र की 20 गांवों की 5838 एकड़ भूमि के मामले को लेकर आंदोलनरत बाजपुर भूमि बचाओ मुहिम द्वारा इस भूमि पर लगी रोक हटाने की मांग के लिए मुहिम से जुड़े कार्यकर्ताओं व किसानों ने तहसील परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।
बुधवार को संयुक्त किसान मोर्चा के प्रवक्ता एवं बाजपुर भूमि बचाओ मुहिम के संयोजक जगतार सिंह बाजवा की अगुवाई में लोग पूर्व घोषित कार्यक्रमानुसार तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि जिला कलेक्ट्रेट न्यायालय के आदेशों पर माह फरवरी 2020 में इन 20 गांवों की 5838 एकड़ की खरीद-फरोख्त पर रोक लगा दी गई थी, जिससे इस भूमि पर काबिज हजारों किसान-मजदूर व व्यापारी प्रभावित हो गए।
बाजपुर बचाओ मुहिम पिछले करीब तीन वर्ष से इस मुद्दे को लगातार उठाती आ रही है, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई राहत देने के लिए पहल नहीं की है। उन्होंने भूमि पर लगी रोक हटाने के लिए आरपार की लड़ाई का ऐलान किया है।
इस मौके पर किसान नेता विक्की रंधावा, हरप्रीत सिंह निज्जर, बल्ली सिंह चीमा, इंदरजीत सिंह बंटी, राजेंद्र बेदी, दर्शन लाल गोयल, जसविंदर सिंह जस्सी, हरदयाल सिंह, एनबी भट्ट, रनजीत सिंह सोनू, योगेश सैनी, खेम करण सैनी, सुनील पाठक, गुलजार सिंह, सतनाम डांगी, पवन खसाली, संदीप गोयल, हरपाल सिंह, दिलबाग सिंह, जोराबर सिंह, राजकिशोर सिंह, जसपाल सिंह कलसी आदि मौजूद थे।
