बरेली: सिर्फ शोपीस न बनाइए... सुविधाएं भी दीजिए, प्लेटफार्म नंबर छह की तरफ झांकना भी भूले अफसर
कोरोनाकाल की शुरुआत में बंद हुआ था टिकट काउंटर, एटीवीएम भी पड़ी है खराब
बरेली जंक्शन पर सुभाषनगर साइड बंद टिकट काउंटर(फोटो)
बरेली, अमृत विचार। अफसरों का ध्यान बरेली जंक्शन की साज-सज्जा पर तो है लेकिन यात्री सुविधाओं पर नहीं। जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर छह पर यात्रियों के लिए असुविधाओं का अंबार है। सुभाषनगर की तरफ टिकट विंडो और वेटिंग हॉल का हाल यह बिल्कुल एहसास नहीं दिलाता कि यह 30 हजार फुट फाल वाले स्टेशन का हिस्सा है। अनारक्षित बुकिंग कार्यालय की खाली खिड़कियां गवाही देती हैं कि ये सिर्फ दिखावे के लिए रह गई हैं। रेलवे के पास यहां बैने के लिए स्टाफ तक नहीं है।
यह भी पढ़ें- बरेली: भतीजे पर फर्जी बैनामा कराने का आरोप, डीएम से की शिकायत
सुभाषनगर छोर पर बनी अनारक्षित टिकट बुकिंग विंडो कोरोना काल के दौरान बंद कर दी गई थी। उसके बाद करीब ढाई साल तक उसे चालू नहीं किया गया। बीच में एकाध बार टिकट बांटकर खानापूरी की गई। दरअसल, सुभाषनगर की तरफ प्लेटफार्म नंबर पांच और छह पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के हैं लेकिन यहां टिकटों की बुकिंग की जिम्मेदारी उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के वाणिज्य विभाग की है।
इन दिनों पूर्णागिरी मेला चल रहा है लिहाजा इज्जतनगर रेल मंडल में समर स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ी है। यात्रियों की भी बेतहाशा भीड़भाड़ है, इसके बावजूद स्टेशन के सुभाषनगर छोर पर यात्रियों को टिकट मिलने का कोई इंतजाम नहीं है।
बुकिंग विंडो बंद पड़ी होने के साथ यहां लगाई गई ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन भी काफी समय से खराब पड़ी है। वाणिज्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मशीन को ठीक कराया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि यह काम वाणिज्य विभाग का है। सीएमआई राकेश कुमार सिंह गोलमोल जवाब देकर टाल गए।
स्टेशन के बाहर जेटीबीएस से मिलेगा टिकट
सुभाषनगर की तरफ स्टेशन के अंदर तो यात्रियों को टिकट नहीं मिल पाते लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जेटीबीएस की व्यवस्था सुभाषनगर की तरफ की गई है जहां से यात्री अनारक्षित टिकट खरीद सकते हैं। सुभाषनगर की तरफ अगर किसी यात्री को ट्रेन का इंतजार करना हो तो वेटिंग हॉल में भी ताला लटका मिलता है। वेटिंग हॉल के बाहर खानाबदोशों का कब्जा है। अधिकारियों का तर्क है कि सुरक्षा के लिहाज से वेटिंग हॉल को बंद किया गया है।
यह भी पढ़ें- बरेली: सुभाषनगर वीर भट्टी से निकली महर्षि कश्यप की विशाल शोभायात्रा
