Auraiya News: विद्युत विभाग के JE का रिश्वत लेते वायरल हुआ था Video, मुख्य अभियंता ने जांच के बाद किया निलंबित
औरैया में मुख्य अभियंता ने रिश्वत लेने के मामले में जेई को निलंबित कर दिया।
औरैया में विद्युत विभाग के जेई का रिश्वत लेते कुछ दिन पहले वीडियो वायरल हुआ था। मुख्य अभियंता ने जांच में दोषी पाए जाने पर जेई को निलंबित कर दिया।
औरैया, अमृत विचार। विद्युत विभाग के जेई द्वारा रिश्वत लिये जाने का वीडियो कुछ दिन पहले वायरल हुआ था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मुख्य अभियंता मामले की जांच कराई थी। जांच में दोषी पाये जाने के बाद मुख्य अभियंता ने आरोपी जेई को निलंबित कर दिया है।
अजीतमल उपकेंद्र के अवर अभियंता राजवीर सिंह को भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित कर दिया गया। इस प्रकरण की शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई थी। अध्यक्ष उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड शक्ति भवन लखनऊ ने मुख्य अभियंता को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिये गये थे। अवर अभियंता पर लगे अवैध धन वसूली के आरोप की जांच में मुख्य अभियंता कार्यालय से 28 मार्च 2023 को दो सदस्यीय टीम गठित की गई।
जांच समिति ने तीन अप्रैल को जांच आख्या उपलब्ध कराई। जिसके आधार पर राजवीर द्वारा किसी उपभोक्ता से विद्युत संबंधी कार्य को कराने के लिए अवैध धन की मांग की गई। जांच आख्या में अवर अभियंता प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर मुख्य अभियंता असलम हुसैन ने निलंबित कर कार्यालय विद्युत वितरण मंडल कानपुर देहात से संबद्ध कर दिया। निलंबन की अवधि तक राजवीर को नियमानुसार जीवन भत्ता अनुमन्य होगा।
