Kanpur Crime : चौकी में युवक ने शीशे में हाथ मारकर खुद को किया घायल, खून से लथपथ देख पुलिस के हाथ-पांव फूले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में पूछताछ के लिए चौकी बुलाए गए युवक ने खुद को किया घायल।

कानपुर में पूछताछ के लिए चौकी बुलाए गए युवक ने शीशे में हाथ मारकर खुद को घायल कर लिया। युवक के खून निकलता देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस इलाज के लिए युवक को प्राइवेट अस्पताल ले गई।

कानपुर, अमृत विचार। हनुमंत विहार थानाक्षेत्र में प्लाट पर कब्जे के मामले में पूछताछ के लिए चौकी बुलाए गए युवक ने शीशे में हाथ मार कर खुद को घायल कर लिया। यह देख पुलिस के होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस उसे पास ही स्थित नर्सिंग होम ले गई, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया।

हनुमंत विहार थानाप्रभारी अभिलाष मिश्रा के मुताबिक साढ़ निवासी अजब सिंह ने थाने में शिकायत की थी कि हुनमंत विहार चौकी के पास उनका एक प्लाट है, जिसमें कुछ अराजकतत्वों ने कब्जा कर ताला डाल दिया है। कब्जे की जानकारी पर अजब सिंह ने विरोध किया तो अराजकतत्वों ने उनके साथ मारपीट की। मामले की जांच हनुमंत विहार चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार झा को दी गई थी।

बुधवार को चौकी प्रभारी ने पूछताछ के लिए खाड़ेपुर निवासी स्वप्निल को चौकी बुलाया। इसके कुछ देर बाद चौकी प्रभारी ने स्वप्निल के पिता अशोक कुमार को भी चौकी बुलाया। चौकी में बैठा देख अशोक बेटे को बुरा भला कहने लगे, जिससे आक्रोशित होकर स्वप्निल ने पिता को मारने का प्रयास किया। यह देख पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ कर बैठा दिया। आक्रोशित स्वप्निल ने चौकी में लगे शीशे में हाथ मार कर खुद को घायल कर लिया।

पुलिस ने घायल को नौबस्ता बाईपास स्थित निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। इलाज के दौरान घायल ने चौकी प्रभारी व सिपाही सुखबीर पर आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस कर्मियों द्वारा मारपीट करने पर वह घायल हुआ। एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि घायल द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार