अयोध्या: आईजी और एसएसपी ने परिक्रमा पड़ाव स्थल का लिया जायजा
गोसाईगंज/ अयोध्या, अमृत विचार। पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रवीण कुमार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी ने बुधवार देर शाम चौरासी कोसी परिक्रमा के मद्देनजर श्रद्धालुओं के पड़ाव स्थलों का जायजा लिया।
दोनों अधिकारियों ने महबूबगंज स्थित श्रृंगी ऋषि आश्रम पहुंच कर सरयू नदी के किनारे पर बने स्नान घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्रृंगी ऋषि आश्रम स्थल पर साफ सफाई कराने के साथ साथ श्रद्धालुओं के रुकने के इंतजाम चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। 84 कोसी परिक्रमार्थी साधु संतों का जत्था 9 अप्रैल को श्रृंगीऋषि व 10 अप्रैल को गोसाईंगंज महदेवा घाट पर पहुंचकर विश्राम करेगा। इसी को लेकर तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। अफसरों ने निर्धारित तिथि दिवसों पर क्षेत्र में मीट शाप आदि बंद कराने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, एसएचओ अक्षय कुमार, एसएचओ अहिरौली अंबेडकरनगर रितेश पांडेय सहित महादेवा घाट जीर्णोद्धार समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - गोंडा: बाइक और साइकिल की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत-दूसरा गंभीर
