गोंडा: बाइक और साइकिल की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत-दूसरा गंभीर
करनैलगंज/ गोण्डा, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के हुजूरपुर रोड पर छतईपुरवा के पास बाइक व साइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक की हालत गंभीर है। जिसे गोण्डा रेफर किया गया है।
घटना गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे की है। सकरौरा में क्वार्टर लेकर फेरी का काम करने वाला सिराजुद्दीन उम्र 35 वर्ष निवासी धौहरेमऊ इमलिया जिला सीतापुर साइकिल से फेरी के लिए हुजूरपुर की तरफ जा रहा था। तभी करनैलगंज की तरफ बाइक से आ रहे आकाश शुक्ल (22) पुत्र सियानाथ निवासी नहवापरसौरा की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को सीएचसी करनैलगंज पहुंचाया। जहां मौजूद चिकित्सक डॉ इमरान मोईद ने सिराजूद्दीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आकाश का प्राथमिक उपचार के उपरांत गोण्डा रेफर कर दिया। सूचना पाकर सीएचसी पहुंचे उपनिरीक्षक अंकित सिंह व मुख्य आरक्षी प्रदीप सिंह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुट गए। कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - हमीरपुर: दो दिन से लापता बच्चे का नदी में उतराता मिला शव
