झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का चेन्नई में इलाज के दौरान निधन, सीएम हेमंत ने जताया दुख
रांची। झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का चेन्नई में इलाज के दौरान आज सुबह निधन हो गया। श्री महतो डुमरी विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2019 में विधायक चुने गए थे। वह कई बार झारखंड विधानसभा के सदस्य रहे।
उल्लेखनीय है कि बीते 14 मार्च को मंत्री महतो की तबीयत बिगड़ गयी थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें एयरलिफ्ट कर चेन्नई ले जाया गया था। वहीं दूसरी ओर शिक्षा मंत्री महतो के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपना शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा है कि हमारे टाइगर जगरनाथ दा नहीं रहे ।आज झारखंड ने अपना एक महान आंदोलनकारी, जुझारू, कर्मठ और जनप्रिय नेता खो दिया । झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने महतो के निधन पर दुख प्रकट किया है और कहा कि वह एक जुझारू और आंदोलनकारी नेता थे।
अपूरणीय क्षति!
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) April 6, 2023
हमारे टाइगर जगरनाथ दा नहीं रहे!
आज झारखण्ड ने अपना एक महान आंदोलनकारी, जुझारू, कर्मठ और जनप्रिय नेता खो दिया। चेन्नई में इलाज के दौरान आदरणीय जगरनाथ महतो जी का निधन हो गया।
परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की…
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शिक्षा मंत्री महतो के आकस्मिक निधन दुख जताया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी महतो के निधन पर दुख व्यक्त किया है।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 42 उम्मीदवार और किए घोषित
