लुटेरी दुल्हन: बरेली में पति को नशा देकर लाखों के जेवर-नकदी लेकर पत्नी फरार, एक दर्जन लोगों को बना चुकी है अपना शिकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। निकाह के कुछ समय बाद पति को नशीला पदार्थ खिलाकर लुटेरी दुल्हन लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गई। हालत बिगड़ने पर युवक को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश आने पर उसे पता चला कि उसकी पत्नी उसका सब कुछ लुटकर ले गई। अपने मायके जाकर उसने गर्भपात भी करा दिया। पीड़ित ने थाने में आरोपी पत्नी व ससुराल वालों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित ने इसकी शिकायत एसएसपी से की है।

थाना किला के हुसैन बाग निवासी आतिफ ने बताया 12 अगस्त 2022 को उसका निकाह नया गांव नकुड़ा जिला सहारनपुर निवासी हाकीम की बेटी शाकिरा से किया था। कुछ दिनों तक सब सही चला। एक दिन शाकिरा ने रात में आतिफ को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। जब वह बेहोश हो गए तो शाकिरा घर में रखे 12 तोले सोने के जेवर और 2 लाख रुपये की नकदी समेट कर फरार हो गई। परिजनों ने सुबह उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। होश आने पर आतिफ ने शाकिरा को फोन किया तो परिजनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान शाकिरा ने अपना गर्भपात करा कर उसके बच्चे को भी मार दिया।

आतिफ ने जब इस बारे में अपने रिश्तेदार से बात की तो उसे पता चला यह पूरा परिवार इसी तरह से लोगों को अपने चंगुल में फंसा कर उसे लूट लेते हैं। वह भी इसका शिकार हो चुका है। करीब एक दर्जन लोग उसके शिकार हो चुके हैं। आतिफ ने शाकिरा और उसके परिजनों के खिलाफ थाना किला में रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। आज आतिफ इस मामले में एसएसपी ऑफिस पहुंचा और शाकिरा और उसके परिवार पर कार्रवाई की मांग की है। 

ये भी पढे़ं- बरेली: सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ टशन दिखाना पड़ा महंगा, गिरफ्तार

 

 

संबंधित समाचार