बरेली: सैंपलिंग बढ़ाने के शासन ने दिए निर्देश, कोविड बूथ होंगे सक्रिय
बरेली में रोज पांच हजार सैंपल की जांच कराने का तय है लक्ष्य
बरेली, अमृत विचार। कोविड के केस लगातार बढ़ने के कारण शासन ने कोविड बूथ और स्टेटिक टीमों को सक्रिय करने का निर्देश दिया है। इसके साथ सैंपलिंग भी बढ़ाने को कहा गया है। इस बीच जिला अस्पताल में बीएसएल टू लैब ठीक होने के बाद उसमें सैंपलों की जांच शुरू कर दी गई है।
शासन ने पहले से जिले में रोज पांच हजार सैंपल की जांच कराने का लक्ष्य तय किया हुआ है। इनमें तीन हजार एंटीजन और दो हजार आरटीपीसीआर जांच शामिल हैं। अब लक्ष्य के अनुरूप सैंपल लेने के साथ कोविड बूथों और स्टेटिक टीमों को सक्रिय करने को कहा गया है।
उधर, जिला अस्पताल में बीएसएल टू लैब भी ठीक हो गई है और उसमें सैंपलों की जांच शुरू कर दी गई है। पिछले दिनों तकनीकी खराबी आने के बाद सैंपलों को जांच के लिए पीलीभीत जिला अस्पताल की लैब में भेजा जा रहा था। कोविड सैंपलिंग के नोडल प्रभारी डॉ. सीपी सिंह ने बताया कि कोविड जांचें बढ़ाने की तैयारी कर ली गई है। जल्द स्टेटिक टीमों को भी सक्रिय करने की योजना है।
यह भी पढ़ें- बरेली: सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ टशन दिखाना पड़ा महंगा, गिरफ्तार
