रुद्रपुर: इंग्लैंड में फंसी रकम को निकालने के नाम पर 14.25 लाख की ठगी
रुद्रपुर, अमृत विचार। हरियाणा जींद के रहने वाले एक व्यक्ति ने रुद्रपुर की एक फर्म संचालक पर विदेश में बहु की फंसी रकम निकालने के नाम पर लाखों की ठगी करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मलकपुर थाना सफीदो जींद हरियाणा के रहने वाले रतन सिंह ने बताया कि चार नवंबर 2020 को उसका बेटा दर्शन सिंह और पुत्रवधु कमवलजीत कौर पढ़ाई के लिए इंग्लैंड गए थे। जहां विलंब होने के कारण हर्डरलैंड यूनिवर्सिटी में प्रवेश नहीं पाया। मगर उसकी 12.48 लाख रुपये की रकम फंस गई थी। एक दिन वह रुद्रपुर आए थे और प्रीत विहार निवासी परिचित के पास गए और पूरी बात बताई।
तो वह उसे रामपुर रोड स्थित लोक बिहार कॉलोनी में मौजूद वेब ओवरसीज कंपनी कार्यालय ले गए और फर्म संचालक को सारी बात बताई। जिस पर संचालक ने आश्वासन दिया कि छह माह के अंदर जमा सारी धनराशि वापिस हो जाएंगी और ढाई लाख रुपये में मांगे।
वहीं आरोपियों द्वारा उसकी बहू के सारे आवश्यक दस्तावेज ले लिए और बेटे से वार्ता कर भरोसा जताया। समय अवधि निकलने के बाद जब दिसंबर 2021 में तकादा किया तो वह सभी को गुमराह करते रहे। मगर जब 16 जुलाई 2022 को पड़ताल की तो पता चला कि इग्लैंड यूनिवर्सिटी द्वारा सारी रकम वापस कर दी गई। मगर उनके खाते में नहीं आई। 25 नवंबर 2022 को बैंक जाकर पता किया तो पता चला कि गदरपुर स्थित एक बैंक में फर्म संचालकों के खाते में सारी रकम पहुंच चुकी है।
जब इस संबंध में आरोपियों से जानकारी मांगी तो डराया व धमकाने जाने लगा। शिकायतकर्ता का आरोप था कि ओवरसीज संचालकों ने मिलीभगत कर पुत्रवधू के दस्तावेजों से छेड़छाड़ कर धोखाधड़ी की है। उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी करेगी।
