बरेली: शहर के 10 थानों के मालखाने होंगे डिजिटल, ट्रायल शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एक क्लिक पर आएगा पूरा ब्योरा, हर एक माल पर लगा बार कोड

बरेली, अमृत विचार। बरेली शहर के महिला थाना समेत 10 थानों के मालखाना डिजिटल होंगे। इज्जतनगर थाने का मालखाना डिजिटल बना कर ट्रायल भी शुरू हो गया है। हर माल पर एक बार कोड लगाया गया है, जिसे स्कैन करते ही उसका पूरा ब्योरा स्क्रीन पर आ रहा है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने एसपी सिटी को नोडल अधिकारी बनाया है।

थानों के मालखाने से अक्सर माल गायब होने और फिर मुकदमे दर्ज होने के मामले सामने आते रहते हैं। यही वजह है कि थानों के मुंशी मालखाने का प्रभार लेने से घबराते हैं। पुलिस विभाग ने मालखानों का डिजिटलाइजेशन कराने का निर्णय लिया है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी के निर्देशन में बरेली में भी काम शुरू हो गया है। शहर के थानों के मालखाने पहले चरण में डिजिटल किए जा रहे हैं।

बार कोड में होगी पूरी जानकारी
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि माल पर चस्पा बार कोड में उसकी पूरी जानकारी (अपराध संख्या, प्रकृति, वजन आदि) होगी। बार कोड स्कैन करते ही यह ब्योरा सामने आ जाएगा। जिसका पूरा डेटा तीन जगह सुरक्षित किया गया है। माल का निस्तारण होते ही कंप्यूटर में उसे भी दर्ज कर दिया जाएगा।

डिजिटलीकरण से मालखाने में दस्तावेज के खोने या उनके चूहों के काटने जैसी समस्या से पुलिसकर्मियों को निजात मिलेगी। इस तरह कागजी बोझ कम होगा। प्रभार बदलने के दौरान भी समस्या नहीं होगी। एसपी सिटी ने बताया कि यदि कोई माल जांच या अन्य स्थिति में बाहर भेजा जाएगा तो इसकी जानकारी भी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इसके लिए सभी थानों के प्रभारियों की एक कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बरेली: सैंपलिंग बढ़ाने के शासन ने दिए निर्देश, कोविड बूथ होंगे सक्रिय

संबंधित समाचार