बरेली: एलाइंस एयर के अधिकारियों ने सिविल एन्क्लेव का किया निरीक्षण
बरेली,अमृत विचार। मुड़िया अहमदनगर में सिविल एन्क्लेव (एयर टर्मिनल) बनने के डेढ़ साल बाद उड़ान की उम्मीदें फिर ताजा हो गई हैं। बुधवार को देश में 50 से अधिक गंतव्य स्थानों के लिए हेलीकाप्टर की सेवाएं देने वाली एलाइंस एयर के अधिकारियों ने सिविल एन्क्लेव के टर्मिनल, रनवे, लॉबी, पोर्टा केबिन का निरीक्षण किया। करीब …
बरेली,अमृत विचार। मुड़िया अहमदनगर में सिविल एन्क्लेव (एयर टर्मिनल) बनने के डेढ़ साल बाद उड़ान की उम्मीदें फिर ताजा हो गई हैं। बुधवार को देश में 50 से अधिक गंतव्य स्थानों के लिए हेलीकाप्टर की सेवाएं देने वाली एलाइंस एयर के अधिकारियों ने सिविल एन्क्लेव के टर्मिनल, रनवे, लॉबी, पोर्टा केबिन का निरीक्षण किया। करीब पांच घंटे तक अधिकारियों ने एयर टर्मिनल की व्यवस्थाएं परखीं। अधिकारियों ने त्रिशूल एयरबेस के अधिकारियों के साथ भी अपनी कार्ययोजना साझा की।
बुधवार सुबह दिल्ली से आई टीम दोपहर बाद वापस लौट गई। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं से संतोष जाहिर किया, लेकिन इस बाबत चर्चा नहीं हुई कि फ्लायट कब से शुरू होगी। शेड्यूल क्या होगा। दौरे के बाद दिल्ली लौटे अधिकारी अपनी रिपोर्ट उड्डयन मंत्रालय को सौंपेगे। एयरपोर्ट अथॉरिटी एलायंस एयर के इस दौरे को बहुत सकारात्मक ले रही है।
माना जा रहा है कि उड़ान भरने का इंतजार अब खत्म होने के करीब है। 150 करोड़ की लागत से दो एयर टर्मिनल बनाए गए हैं लेकिन उड़ान अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। कोराना काल से पहले लखनऊ में हुए डिफेंस एक्सपो में टर्बो एविएशन कंपनी ने हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) से दो डार्नियर विमान लीज पर लेने के लिए अनुबंध भी कर लिया थ।
अप्रैल माह से उड़ान की तैयारी थी लेकिन कोरोना काल की वजह से उड़ान का मामला लटकता चला गया। टर्बो को बरेली-लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर हवाई सेवाएं संचालित करने का लाइसेंस मिला हुआ है। उसे पिछले साल अप्रैल से सेवाएं शुरू करनी थी लेकिन विमान उपलब्धता आड़े आ गई थी।
पायलट और सेफ्टी मैनेजर साथ आए
एलाइंस एयर इंडिया के अधिकारियों के साथ पायलट और सेफ्टी मैनेजर भी साथ आए थे। अधिकारियों का बरेली सिविल एन्क्लेव का दौरा करना भविष्य के लिए अच्छा संकेत माना जा रहा है। टीम के साथ दो पायलट और सेफ्टी मैनेजर ने तकनीकी रूप से उड़ान को लेकर त्रिशूल एयरबेस के अधिकारियों के साथ काफी देर तक बातचीत की। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी भी मौजूद रहे।
“अच्छा है कि टीम आई। अब एयरपोर्ट से उड़ान जल्द शुरू होने की उम्मीद है। बरेली वालों के लिए बड़ी सुविधा होगी।” -नितीश कुमार, जिलाधिकारी
