रामपुर : मकान छिनने के डर से जहर खाने वाले पिता-बेटी की उपचार के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
रामपुर, अमृत विचार। मकान छिनने के डर से जहर खाने वाले पिता-बेटी की देर रात मुरादाबाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद दोनों का मुरादाबाद में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। दोनों के मरने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव शादी की मढैया के रहने वाले कुछ लोगों गरीब परिवारों पर सरकारी तालाब की जमीन बना लेने का आरोप है। कुछ लोगों ने अधिकारियों से इसकी शिकायत कर दी थी। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने जाकर मौका मुआयना किया था। उसके बाद मामले की जांच शुरू हो गई थी। इन छह मकान स्वामियों को प्रशासन ने नोटिस भी दिए थे। उसके बाद से विभाग की ओर से वहां से हटाने की कार्रवाई लंबित चल रही है।
बताते हैं तहसील के अधिकारी गांव में आए थे, ऐसी चर्चा हुई कि मकानों से लोगों को बेदखल किया जाएगा। इन छह परिवारों में से एक सलीम है, जोकि साइिकलों में पंचर जोड़ने का काम करता है। मकान छिनने से डरकर उसने अपनी बेटी इरम, थेलेसीमिया पीड़ित बेटे आरिश के साथ विषैला पदार्थ खा लिया था। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। बाद में जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार भी पहुंच गए। जहां दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन सलीम और उसकी बेटी की हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद रेफर कर दिया गया था। जहां देर रात दोनों की मौत हो गई। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना मिलने के बाद अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
ये भी पढ़ें : रामपुर: मकान छिनने के डर से पिता और बेटी-बेटा ने खाया जहर, हालत गंभीर होने पर रेफर
