हल्द्वानी: जमीन पर 50 लाख का लोन लिया और फिर बेच दी वही जमीन, अब रिपोर्ट दर्ज
हल्द्वानी, अमृत विचार। जमीन के एवज में बैंक से लोन उठाया और फिर वही जमीन बेच दी, इसका बात का पता तब चला जब बैंक कर्मी जाता मुआयाना करना मौके पर पहुंचे। यह मामला आज से सात वर्ष पहले का है, अब इस मामले में शाखा प्रबंधक ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एमबीपीजी कॉलेज के पास स्थित दि नैनीताल बैंक लिमिटेड के शाखा प्रबंधक प्रखर पाटनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि काठगोदाम के दमुवाढूंगा निवासी मैसर्स कृष्णा इंटरप्राइजेज के मालिक भीम सिंह मेर ने उनकी बैंक शाखा से 25 जनवरी 2016 को पचास लाख रुपये का ऋण लिया था।
इसके एवज में बंदोबस्ती स्थित 500.50 वर्ग फीट और 1400 वर्ग फीट दो प्लाट को बंधक रखा था। बताया कि 23 मार्च 2023 को उपनिबंधक कार्यालय हल्द्वानी में अधिवक्ता देवेन्द्र सिंह भाकुनी ने बंधक संपत्ति का मुआयना किया तो पता चला कि भीम सिंह ने बंधक रखी संपत्तियों को फरवरी 2020 में ही बेच दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
