अयोध्या में गन्ना किसानों को समय से नहीं मिल रहा बकाया भुगतान
बीकापुर/ अयोध्या, अमृत विचार। शुगर मिल में बिक्री किए गए गन्ने का भुगतान समय पर न होने से तमाम किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शासन द्वारा एक पखवारे के भीतर गन्ना किसानों को गन्ने के पैसे का भुगतान दिलाए जाने का निर्देश हवा-हवाई साबित हो रहा है।
करीब एक महीना बीतने के बावजूद केएम शुगर मिल मोती नगर मसौधा किसानों द्वारा बिक्री किए गए गन्ना बिक्री के पैसे का भुगतान समय पर नहीं कर पा रही है। पेराई सत्र के दौरान शुरुआत में शुगर मिल द्वारा पेड़ी गन्ना के पैसे का भुगतान करने में तेजी दिखाई गई थी। उसके बाद फरवरी माह से सुस्ती दिखाई जा रही है। मार्च महीने में किसानों द्वारा बिक्री किए गए गन्ने का भुगतान करीब एक माह बीत जाने के बावजूद नहीं हुआ है, जिससे किसानों का शादी विवाह, गन्ने की बुवाई, दवा उपचार, बच्चों की पढ़ाई सहित अन्य तमाम जरूरी आर्थिक कार्य बाधित हो रहा है। उमरनी पिपरी निवासी गन्ना किसान रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उनके द्वारा मार्च महीने में दो ट्राली गन्ना तथा अप्रैल महीने में भी गन्ने की बिक्री की गई है। अभी तक पैसे का भुगतान न होने से गन्ने की बुवाई और गेहूं की मड़ाई करने में समस्या आ रही है।
कपिल देव पाठक एवं लवमुनि प्रसाद ने बताया मार्च महीने में बिक्री के लिए गए 4 ट्राली गन्ने का पैसा अभी फंसा हुआ है। सूल्हेपुर निवासी कृष्ण कुमार पांडेय व वर्मा ने बताया मार्च महीने में बिक्री किए गए गन्ने के पैसे का भुगतान अभी तक नहीं मिल सका है। तोरो माफी केराजोत निवासी रविंद्र कुमार वर्मा काशीराम वर्मा ने बताया मार्च एवं अप्रैल महीने में बिक्री किए गए गन्ने के पैसे का अभी तक शुगर मिल द्वारा भुगतान न करने से खेती किसानी शादी विवाह सहित तमाम जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। शुगर मिल मोती नगर मसौधा द्वारा अभी तक सिर्फ 3 मार्च तक ही बिक्री किए गए गन्ने के पैसे का भुगतान किसानों के बैंक खाते में भेजा गया है। उसके बाद गन्ना की बिक्री करने वाले किसानों का भुगतान नहीं हुआ है।
ये भी पढ़ें - बाराबंकी: देवर को महंगी पड़ी भाभी से छेड़छाड़, दर्ज हुआ मुकदमा
