अयोध्या: पिता थे नलकूप चालक, छोटा भाई IPS, अब अजय बनेंगे डिप्टी SP
यूपीपीसीएस 2022 के परिणाम में जनपद के मेधावी चमके, ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों ने भी मारी बाजी
अमृत विचार, अयोध्या। रामनगरी के युवाओं की काबलियत देश में अपना लोहा मनवा रही है। अभी इंडियन आइडल 13 का खिताब जीते ख्वासपुरा निवासी 19 वर्षीय ऋषि सिंह के जीत का जश्न जनपद में थमा भी नहीं था कि शुक्रवार देर शाम यूपीपीसीएस का परिणाम आते ही चौतरफा खुशियां छा गई। अयोध्या के मेधावियों ने भी पीसीएस परीक्षा में झंडे गाड़ दिए। नगरीय क्षेत्र ही नहीं बल्कि देहात के होनहारों ने भी परचम लहराया है। परिणाम आने के बाद होनहार विद्यार्थियों को बधाई देने वालों का तांता लग गया। खुशी का इजहार करते हुए लोगों ने एक दूसरे को मिठाइयां खिलाईं।
विकासखंड तारुन के पाली अचलपुर निवासी अजय कुमार यादव ने पीसीएस परीक्षा में चयनित होकर डिप्टी एसपी का पद हासिल किया है। अजय ने 12वीं जवाहर नवोदय विद्यालय अयोध्या से की है। बीटेक करने के उपरांत 2012 से भारतीय रक्षा मंत्रालय में सीनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। छोटे भाई मनोज आईपीएस अधिकारी हैं। पिता माधव प्रसाद यादव नलकूप चालक के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अजय की पत्नी बाराबंकी पॉलिटेक्निक में अध्यापिका हैं। शिक्षक नेता राजेश दुबे, ग्राम प्रधान राम कुमार राव, शिक्षक राम गोपाल यादव, दारोगा पाठक, प्रदीप, सुनील, वीरेंद्र, सुरेश,पप्पू व अजय ने बधाई दी है।
.jpg)
कठिन परिश्रम से मिलती है सफलता
पूरा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड मया बाजार अंतर्गत ग्राम दामोदरपुर थाना महाराजगंज निवासी विकास पांडे का पीसीएस में राज्य संपत्ति विभाग में व्यवस्था अधिकारी के पद पर चयन हुआ है। विकास ने बताया कि लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम से प्रत्येक क्षेत्र में सफलता अर्जित की जा सकती है। प्राइमरी से लेकर इंटरमीडिएट तक की शिक्षा दीन दयाल इंटर कॉलेज बाकरगंज से प्राप्त की। स्नातक करने के बाद प्रयागराज में रहकर तैयारी की। अपने पिता उमेश व माता पूनम को अपना आदर्श बताया। विकास भाजपा नेता रहे स्व. सुरेश चंद्र पांडे के भतीजे हैं। सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेद गुप्ता, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे, विधायक गोसाईगंज अभय सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवेंद्र सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता आदित्य नारायण मिश्र, शिक्षक नेता अनुज सिंह, अनूप द्विवेदी व राज नारायण सिंह आदि ने बधाई दी है।
भूपेंद्र कक्षा-8 तक गांव के स्कूल में पढ़े
रानी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरिपाल वर्मा के बड़े बेटे भूपेंद्र वर्मा ने जिला होमगार्ड कमांडेंट पद पर चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है। इनकी माता गीता देवी वर्मा भी एक बार चुनाव जीती हैं। इनकी शिक्षा दीक्षा प्राइमरी से कक्षा 8 तक गांव में हुई। 12 वीं तक एसएसबी से पढ़ाई की। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से एलएलबी की परीक्षा व दिल्ली में रहकर तैयारी की। इससे पहले भूपेंद्र परीक्षा उत्तीर्ण कर सब रजिस्टार के पद पर चयनित हुए थे। इनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। श्रेय अपने माता-पिता व गुरुजनों को दिया है।
.jpg)
शिक्षिका का पूर्ति निरीक्षक के पद पर चयन
पूराबाजार, अयोध्या- विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय सूखापुर इटौरा की शिक्षिका का चयन पूर्ति निरीक्षक के पद पर हो जाने पर शनिवार को अध्यापकों व ग्रामीणों ने शिक्षिका को राम दरबार भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षिका कविता वर्मा का चयन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित अवर अधीनस्थ परीक्षा में सफलता प्राप्त कर पूर्ति निरीक्षक के पद पर चयन हो जाने से ग्राम प्रधान श्याम सती, वरिष्ठ समाजसेवी पूर्व प्रधान व पूर्व उप प्रमुख सतीश पांडेय, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री चक्रवर्ती सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सत्येंद्र गुप्ता, वरिष्ठ शिक्षक सतीश गुप्ता, संचराज वमा ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
ये भी पढ़ें -हरदोई: संत कृपाल आश्रम में फर्जी बैठक में कार्यकारिणी चुनाव का आरोप, अध्यक्ष ने दर्ज कराई रिपोर्ट
