संभल: रंजिश के चलते रास्ते में घेराबंदी कर ग्रामीण पर झोंका फायर, बाल-बाल बचा
लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल, तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। रंजिश के चलते रास्ते में घेराबंदी कर ग्रामीण को मारपीट कर घायल कर दिया। जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने घायल की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायल का सरकारी अस्पताल में उपचार हो रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव भीकनपुर निवासी रोहताश से गांव के ही कुछ लोग रंजिश रखते हैं। दो दिन पहले जारई गांव के रास्ते में आरोपियों ने उसे घेर लिया और गालियां देते हुए मारपीट की। समाज के लोगों के कहने पर आरोपियों ने माफी मांग ली थी। इसके चलते उसने पुलिस को सूचना नहीं दी थी। आरोप है कि सात अप्रैल की सुबह करीब आठ बजे वह मोटरसाइकिल से पड़ोस के गांव बेरनी दूध लेने जा रहा था।
चौधरी ईंट भट्ठा के पास कुछ लोगों ने उसकी बाइक रोक ली और गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडे व बेल्टों से पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने तमंचे से फायर भी किया। मगर वह बाल-बाल बच गया। उसने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव के ही नरेश, विजनेश और विवेक तथा हेमराज निवासी इंद्रा कालोनी चन्दौसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : फसल खराब होने के बाद कर्ज से चिंतित किसान की हृदय गति रुकने से मौत
