Farrukhabad News : मैनपुरी जेल में बंद बसपा नेता अनुपम दुबे व सहयोगी की 2.21 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मैनपुरी जेल में बंद बसपा नेता अनुपम दुबे की 2.21 करोड़ की संपत्ति कुर्क।

मैनपुरी जेल में बंद बसपा नेता अनुपम दुबे व सहयोगी की 2.21 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई। कुर्की की कार्रवाई के दौरान भारी फोर्स तैनात रहा। वहीं, लगातार एक के बाद एक मुकदमें दर्ज होने पर बसपा नेता की मुश्किलें बढ़ती जा रही है।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। मैनपुरी जेल में बंद बसपा नेता अनुपम दुबे और उनके सहयोगी की 2.21 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली गई है। गैंगस्टर की कार्रवाई होने के बाद डीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार ने पुलिस फोर्स के साथ पहुंच कर कुर्की की कार्रवाई की। इसके पहले ढोल-नगाड़े के साथ मुनादी कराई गई। जब्त की गई संपत्ति को नगर पालिका के सुपुर्द कर दिया गया है। 

फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के कसरट्टा निवासी बसपा नेता अनुपम दुबे के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। उनके खिलाफ शहर कोतवाली में वर्ष 2021 में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें अन्य लोग भी आरोपी बनाए गए थे। इसकी विवेचना मऊदरवाजा थानाध्यक्ष ओमाद कुमार सिंह कर रहे हैं। गैंगस्टर के आरोपी अनुपम दुबे और उनके सहयोगी राशिद कुरैशी निवासी बहादुरगंज तराई ने गांव में अवैध तरीके से आवासीय प्लाट अर्जित किए थे। डीएम ने आवासीय प्लाट को कुर्क करने का आदेश दिया था। 

शनिवार को नायब तहसीलदार, मऊदरवाजा थानाध्यक्ष आमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ बहादुरगंज तराई गांव पहुंचे। अनुपम दुबे और उसके साथी राशिद कुरैशी के आवासीय प्लाटों को कुर्क करने की कार्रवाई ढोल-नगाड़े से मुनादी कराने के बाद शुरू की। मुनादी होने के दौरान वहां भीड़ लग गई। इससे वहां पर पुलिस लाइन से और फोर्स बुलाया गया।

नायब तहसीलदार अनवर हुसैन ने बताया कि बहादुरगंज तराई में आवासीय प्लाट क्षेत्रफल कुल 59.24 वर्गमीटर है, जिसकी कीमत 74 लाख पांच हजार रुपये, दूसरा आवासीय प्लाट 21.58 वर्ग मीटर है, जिसकी कीमत 26 लाख 97 हजार 500 रुपये और तीसरा आवासीय प्लाट 96.72 वर्ग मीटर है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल 2 करोड़ 21 लाख 92 हजार 500 रुपये की संपत्ति कुर्क कर नगर पालिका के सुपुर्द कर दी गई है।

मैनपुरी जेल में बंद जिले के कद्दावर बसपा नेता अनुपम दुबे के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। यह मुकदमा अपहरण कर फिरौती मांगने और परिवार को मारने की धमकी देकर जमीन का इकरारनामा कराने के आरोप में दर्ज कराया गया है। इसमें बसपा नेता के साथ उनके भाई और नौ अन्य लोग आरोपी बनाए गए हैं। केस दर्ज होने के बाद मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। 

मैनपुरी जेल में बंद हैं अनुपम दुबे

जिले के कद्दावर बसपा नेता अनुपम दुबे मौजूदा समय में मैनपुरी जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ कई मुकदमे चल रहे हैं। यह नया मुकदमा दर्ज होने के बाद उनकी मुसीबत और बढ़ गई है।

संबंधित समाचार